Budaun News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप
बदायूं के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद से उसकी पत्नी लापता है। परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है।

विस्तार
बदायूं के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव लौड़ाबहेड़ी निवासी भूपेंद्र (23) पुत्र छोटेलाल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने दोनों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद से आरोपी महिला और उसका प्रेमी लापता है। पुलिस दोनों के बारे में पता लगा रही है।

मृतक के चचेरे भाई प्रमोद और बहन ने बताया कि घटना बुधवार रात की है। भूपेंद्र की हालत बिगड़ने पर पत्नी ने गांव के ही एक डॉक्टर को घर पर बुलाया था। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज भेजने की सलाह दी। परिजन युवक को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि मृतक की पत्नी लंबे समय से एक युवक से बातचीत करती थी। कई बार परिजनों ने उसे रंगेहाथ भी पकड़ा था।
मृतक की बहन ने बताया कि बुधवार शाम उसने देखा कि भाभी और उसका प्रेमी कमरे में मौजूद थे। आरोप है कि उन्हीं दोनों ने मिलकर भूपेंद्र के गले में फंदा डालकर उसकी हत्या की है। यह भी आरोप लगाया कि उसकी भाभी ने उसे कमरे से बाहर निकाल दिया। जान से मारने की धमकी भी दी।
फोन पर बात करती थी पत्नी
परिजनों ने बताया कि भूपेंद्र खेतीबाड़ी करता था। 15 दिन पहले वह पत्नी के साथ काम की तलाश में गुरुग्राम गया था। वहां पत्नी के फोन पर बात करने को लेकर उसका विवाद हुआ था। भूपेंद्र ने पत्नी का फोन तोड़ दिया था, जिससे वह और नाराज हो गई थी। बुधवार सुबह दोनों गुड़गांव से लौटकर गांव आए थे। बुधवार रात को यह घटना हो गई। घटना के बाद से उसकी पत्नी लापता है। महिला का मायका अलीगढ़ जिले में है।