बुलंदशहर। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण के सचल प्रवर्तन दल ने बुधवार को बुलंदशहर जोन में कार्रवाई अभियान चलाया। इस दौरान सचल प्रवर्तन दल ने बिना मानचित्र स्वीकृत के विकसित की जा रही 61 बीघा में छह अनधिकृत कालोनी को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार ने बताया कि अनधिकृत कालोनियों एवं अवैध निर्माण की सूचना पर समय-समय पर सचल प्रवर्तन दल को कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। बुधवार को दल ने कौलसेना मामन रोड के पास शाहिद की करीब सात बीघा, नीमखेडा मामन रोड फ्लाईओवर के पास संदीप जैन की करीब आठ बीघा, आनंद जैन की करीब 18 बीघा, ग्यासपुर मामन रोड पर हाजी ईजरायल की करीब सात बीघा, मामन रोड एनपीएस स्कूल के पास हाजी ईजरायल की करीब 15 बीघा और हाजी ईजरायल उर्फ खालिद की करीब छह बीघा भूमि को विकसित कर अवैध प्लॉटिंग कर रहे थे। इन सभी अवैध कालोनियों को ध्वस्त करवा दिया गया। ध्वस्तीकरण के दौरान नामित पुलिस बल, स्थानीय पुलिस बल, प्राधिकरण के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता और अन्य स्टाफ मौजूद रहे।