बुलंदशहर: महिला की सिर कटी लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी, बाजू पर बबली नाम लिखा मिला
नरसेना क्षेत्र के बुगरासी चौकी इलाके के घुंघरावली गांव में शनिवार सुबह खेत में 32 वर्षीय महिला का सिरविहीन शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने सिर अलग कर दिया था। पुलिस ने करीब सात घंटे की कांबिंग के बाद 500 मीटर दूर झाड़ियों से कटा सिर बरामद किया।
विस्तार
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने खेत में एक महिला का क्षत-विक्षत शव देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल, महिला के सिर की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में शव से जानवर द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
मृतक महिला की बाजू पर "बबली" नाम गुदा हुआ मिला है। इस नाम के आधार पर पुलिस महिला के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस जघन्य अपराध के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
खून के धब्बे और संघर्ष के निशान
पुलिस की प्रारंभिक जांच व घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पता चला कि हत्यारों ने महिला के साथ काफी बेरहमी की है। घटनास्थल पर काफी दूर तक खून के निशान बिखरे मिले हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि हत्या इसी सुनसान इलाके में की गई है। संघर्ष के निशान भी मौजूद थे, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला ने अपनी जान बचाने के लिए हत्यारों से मुकाबला किया होगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला को कहीं और से लाकर यहां मारा गया या फिर उसे बहला-फुसाकर यहां लाया गया था।
सोशल मीडिया पर टैटू से शिनाख्त की अपील
महिला की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग मृतका के दाहिने हाथ पर गुदे हुए नाम हैं। महिला की सीधी बाजू पर पहली लाइन में करत ले पिता, दूसरी लाइन में बबली और तीसरी लाइन में जूनी सिंह गुदा हुआ है। पुलिस का मानना है कि मृतका का नाम बबली हो सकता है। एसएसपी ने जिले के सभी थानों और आसपास के जनपदों (हापुड़, मेरठ, अलीगढ़) की पुलिस को सूचित कर दिया है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर हाथ के फोटो साझा किए गए हैं, जिससे कि कोई परिजन इसकी पहचान कर सके।
क्रूरता के साथ शिनाख्त मिटाने की थी पूरी साजिश
हत्यारों ने जिस तरह से गर्दन को धड़ से अलग किया, उससे साफ है कि वे पेशेवर अपराधी हो सकते हैं या फिर उनके मन में मृतका के प्रति गहरा आक्रोश था। पुलिस अधिकारियों का भी मानना है कि अक्सर पहचान छिपाने के लिए अपराधी सिर को गायब कर देते हैं या चेहरा बिगाड़ देते हैं। इस मामले में भी सिर को 500 मीटर दूर फेंकना पुलिस को गुमराह करने की एक सोची-समझी साजिश थी। घटनास्थल का रास्ता बेहद सुनसान है, जिसका फायदा उठाकर हत्यारों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए नमूने
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले की फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम और डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने आसपास के मोबाइल टावरों का डंप डेटा उठाना शुरू कर दिया है, जिससे कि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय और उससे पहले क्षेत्र में कौन-कौन से मोबाइल नंबर सक्रिय थे। पुलिस की एक टीम मृतका के हाथ पर लिखे नामों के आधार पर संबंधित गांवों और इलाकों में रिकॉर्ड खंगाल रही है।
महिला का शव और सिर दोनों बरामद कर लिए गए हैं। शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों की मदद ली जा रही है। मृतका के हाथ पर गुदे नामों से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद ही हत्या की असल वजह स्पष्ट होगी। मामले के खुलासे के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। - दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी, बुलंदशहर