दम तोड़ रहे युवक का वीडियो: 'मुझे ससुरालवालों ने जहर दिया है, धोखे से बुलाया था'; फिर थम गईं युवक की सांसें
दहेज हत्या मामले में जमानत पर छूटे धर्मेंद्र की मंगलवार को मौत हो गई। उसने ससुराल पक्ष पर जहर देने का आरोप लगाया है। छह लोगों पर हत्या का मामला दर्ज हुआ है।
विस्तार
बुलंदशहर न्यायालय में दहेज हत्या के मामले में जमानत लेकर आ रहे युवक की बीच रास्ते में तबीयत बिगड़ गई। मंगलवार को अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मरने से पहले युवक ने एक वीडियो अपने परिजनों को भेजा था, जिसमें उसने ससुराल पक्ष पर जहर देने का आरोप लगाया था। मामले में युवक की बहन की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के छह लोगों पर हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की।
छतारी के शेखूपुर गांव निवासी कृष्णा देवी ने बताया कि अलीगढ़ जनपद के जवां थाना क्षेत्र स्थित चाऊपुर गांव निवासी धर्मेंद्र (30) की शादी करीब तीन साल पहले छतारी में रहने वाली युवती से हुई थी। एक साल पहले धर्मेंद्र की पत्नी की मौत हो गई थी तो ससुराल पक्ष ने धर्मेंद्र पर दहेज हत्या व दहेज उत्पीड़न में मुकदमा दर्ज कराया, जिसके बाद धर्मेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
छह अप्रैल, सोमवार को धर्मेंद्र की न्यायालय में तारीख थी। जहां पर एक साल की सजा के बाद उसको जमानत मिल गई थी। इसके बाद धर्मेंद्र गांव जाने से पहले अपनी बहन कृष्णा देवी के घर आ रहा था। आरोप है कि बैरमनगर से पहले धौरऊ गांव के कट पर धर्मेंद्र का साला टीटू मिल गया, जिसने धर्मेंद्र को रोका और कहा कि उसका डेढ़ वर्षीय बेटा जो ननिहाल में रह रहा है। उसकी तबीयत ज्यादा खराब तो एक बार उससे मिलते जाओ।
उसकी बातों में आकर धर्मेंद्र अपनी ससुराल चला गया। आरोप है कि वहां पर जबरन बंद कर धर्मेंद्र को जहर दिया गया, जहां से बचकर धर्मेंद्र बाहर आया और वीडियो बनाकर परिजनों को भेजी। सूचना पर बहन कृष्णा और जीजा राजकुमार चौंढेरा पुलिया पर धमेंद्र से मिले। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के साथ परिजन धर्मेंद्र को लेकर अलीगढ़ मेडिकल लेकर गए। जहां पर धर्मेंद्र ने पुलिस को अपने बयान दर्ज कराए। मंगलवार को उपचार के दौरान धर्मेंद्र ने दम तोड़ दिया।
बहन कृष्णा देवी की तहरीर पर धर्मेंद्र की मौत के मामले में आरोपी साला टीटू, लवकुश, साली पूजा, जयमाला, सास सुनीता व ससुर धर्मवीर पर हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। - मधूप कुमार, सीओ डिबाई