जनपद में सक्रिय अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश किया। गिरोह पांच सदस्य छबीले, अभिषेक, शुभम कुमार, विशाल राय, राहुल राय को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की छह बाइक बरामद की। आरोपी अस्पतालों, कचहरी, बाजारों और रेलवे स्टेशनों से बाइक चोरी करते थे और नंबर प्लेट बदलकर बिहार ले जाकर शराब तस्करों बेच देते थे।
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि धराैली बिहार मार्ग पर चेकिंग अभियान के दाैरान छबीले राजभर एवं अभिषेक कुमार उर्फ फौजी निवासी कैमूर (बिहार) की बाइक रोकी गई। दोनों बाइक के कागजात नहीं दिखा सके। तकनीकी जांच में दोनों मोटरसाइकिल चोरी की निकलीं। पूछताछ में दोनों गिरोह की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने नवीन मंडी और नवही मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ समय बाद गिरोह के तीन अन्य आरोपियों को भी चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान शुभम कुमार निवासी रतनपुरा, थाना सकलडीहा, विशाल राय निवासी नई बाजार, थाना सकलडीहा और राहुल राय निवासी नई बाजार थाना सकलडीहा, चंदाैली के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सार्वजनिक स्थानों पर रेकी कर बाइक चोरी करते थे और उनकी नंबर प्लेट बदलकर अथवा हटाकर बिहार में शराब तस्करों को बेच देते थे। पकड़े जाने के डर से तस्कर कई बार वाहनों को छोड़कर भाग जाते थे। आरोपियों की निशानदेही पर मझवार रेलवे स्टेशन परिसर से एक और चोरी की बाइक बरामद की गई।