UP: बहन की शादी के दो दिन बाद उठी भाई की अर्थी, कुत्ते को बचाने में हुआ हादसा; मुंबई से आया था घर
UP Accident: बहन की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दोस्त को स्टेशन छोड़कर लौट रहे युवक गोविंद की बाइक कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर ताल में गिर गई। हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मुंबई में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत गोविंद की बहन की विदाई दो दिन पहले ही हुई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
धानापुर क्षेत्र के बभनियाव गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बहन की शादी के महज दो दिन बाद युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक गोविंद कुमार (28) पुत्र किशोर राम अपने एक दोस्त को डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन छोड़कर लौट रहे थे।
रास्ते में अचानक कुत्ता सामने आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर गुरेहू ताल में जा गिरी। गंभीर रूप से घायल गोविंद को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में दो दिन पहले तक शादी के गीत गूंज रहे थे, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।
परिजनों ने बताया कि 18 मई को गोविंद की बहन की शादी संपन्न हुई थी। शादी में शामिल होने आए अपने एक मित्र को छोड़ने के लिए वह मंगलवार रात डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन गए थे। दोस्त को स्टेशन छोड़ने के बाद देर रात घर लौटते समय अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे गुरेहू ताल में जा गिरा।
परिजनों में मचा कोहराम
स्थानीय लोगों ने तुरंत गोविंद को ताल से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोविंद कुमार मुंबई की एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर पद पर कार्यरत थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा उन्हीं के कंधों पर था। मेहनती और जिम्मेदार स्वभाव के कारण वह परिवार के साथ-साथ गांव में भी काफी लोकप्रिय थे। ग्रामीणों के अनुसार, गोविंद मिलनसार और मददगार स्वभाव के युवक थे और हमेशा दूसरों की सहायता के लिए तैयार रहते थे।
मृतक के परिवार में माता-पिता, दो भाई और तीन बहनें हैं। बेटे की असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। शादी की खुशियों के बीच अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।