Varanasi News: पिकअप ने फर्नीचर कारीगर को मारी टक्कर, मौत, मुआवजे की मांग पर परिजनों ने लगाया जाम; चालक भागा
Varanasi Accident: वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित पिंडरा बाजार में तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप की टक्कर से 35 वर्षीय फर्नीचर कारीगर जयप्रकाश विश्वकर्मा की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। एसडीएम के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। चालक फरार है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में सोमवार तड़के तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप की टक्कर से 35 वर्षीय फर्नीचर कारीगर की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने सुबह शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। बाद में एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया।
जानकारी के अनुसार पिंडरा बाजार निवासी मग्गन लाल विश्वकर्मा के पुत्र जयप्रकाश विश्वकर्मा फर्नीचर का काम करते थे। सोमवार तड़के करीब 1:30 बजे वह किसी काम से घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर घर के पास खड़ी एक मैजिक मालवाहक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वाहन के धक्के से जयप्रकाश कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद माैके पर पहुंचे अधिकारी
हादसे की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल तथा घटनास्थल पर जुट गए।
घटना से नाराज परिजनों ने सोमवार सुबह करीब छह बजे शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सूचना पर फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
बाद में एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को नियमानुसार कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाने तथा हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल बोलेरो पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।