फर्रुखाबाद। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया एवं उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के निर्देश पर स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम फतेहगढ़ में अस्मिता खेलो इंडिया के अंतर्गत बालिकाओं की हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में ऑफिसर्स क्लब की टीम ने वीरपुर मोहम्मदाबाद को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
मंगलवार को आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ महिला थानाध्यक्ष मोनू शाक्या ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में कुल तीन टीमों ने प्रतिभाग किया। पहले मैच में ऑफिसर्स क्लब ने फतेहगढ़ स्टेडियम की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला ऑफिसर्स क्लब और वीरपुर मोहम्मदाबाद के बीच खेला गया। इसमें ऑफिसर्स क्लब ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की। समापन अवसर पर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीप्ति वत्स ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज बेटियां पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं। कार्यक्रम की व्यवस्था ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष लक्ष्मण टंडन ने की, जबकि संचालन सचिव अवनींद्र कुमार ने किया। अध्यक्ष अंजुम कुमार दुबे ने विजेता और उप विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका शबनम शाक्य, दुर्गा, अंशिका पाल, निकिता दुबे, योगेश शुक्ला, अजय प्रताप, वंश सक्सेना एवं चंदन कुमार ने निभाई।

फोटो-21 स्पोर्ट्स स्टेडियम में हैंडबॉल प्रतियोगिता में बाल छीनने का प्रयास करतीं खिलाड़ी। संवाद- फोटो : Samvad