कंपिल(फर्रुखाबाद)। खेत पर कब्जे के प्रयास में पुलिस कार्रवाई न होने से दुखी किसान के बेटे ने सोमवार को कंपिल थाना परिसर में जहर पी लिया। उसकी हालत बिगड़ गई। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटना के बाद मारपीट के आरोप में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
थाना क्षेत्र के कमरुद्दीननगर गांव निवासी रामपाल का भूमि पर कब्जे को लेकर परिजनों से विवाद है। विपक्षी दबंग उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। तीन अप्रैल को कहासुनी हुई थी, पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को विवाद फिर बढ़ गया। रामपाल खेत में काम कर रहे थे तभी लोकेंद्र सहित आठ लोगों ने लाठी-डंडों से उन पर और पुत्री किरन पर हमला कर घायल किया। घायल रामपाल अपने बेटे प्रवेश कुमार के साथ थाने पहुंचे। कार्रवाई न होने से क्षुब्ध प्रवेश ने परिसर में ही जहर पी लिया। अचेत होने पर पुलिस ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया, जहां से लोहिया अस्पताल रेफर किया।
प्रवेश द्वारा जहर पीने की घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। तीन अप्रैल को विवाद के बाद भी पुलिस ने ठोस कदम नहीं उठाया। सोमवार को मारपीट के बाद भी थाने पहुंचने पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने किसान के बेटे द्वारा जहर पीने के बाद ही प्राथमिकी दर्ज की। कार्यवाहक थाना प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि, वहां कोई नहीं मिला। घायलों को मेडिकल के लिए भेजा जा रहा था, तभी प्रवेश ने बाहर जाकर जहर पी लिया। तहरीर के आधार पर सभी आठ आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी है।

फोटो-21 कायमगंज सीएचसी में जहर खाने से बेहोश प्रवेश। संवाद

फोटो-21 कायमगंज सीएचसी में जहर खाने से बेहोश प्रवेश। संवाद