कायमगंज। मंगलवार देर रात ओवरटेक करने के दाैरान आलू लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली से कुचलकर तंबाकू गोदाम में काम करने वाले मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक माैके से भाग गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रेमनगर निवासी राजेश खन्ना (27) पिता व अन्य मजदूरों के साथ गोदाम से काम कर मोटर ठेला से घर लौट रहे थे। वेलकम गेस्ट हाउस के पास आगे चल रहे आलू से लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली को ओवरटेक करने के दौरान मोटर ठेला असंतुलित हो गया और ट्रैक्टर से टकरा गया। हादसे में राजेश सड़क पर गिर पड़े। इसी दाैरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ गया और सड़क किनारे उतरकर फंस गया।
पुलिस व साथियों की मदद से राजेश को को सीएचसी ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। राजेश के परिवार में मां सुखदेवी, पत्नी सुमन और तीन मासूम बच्चे रोहन, कार्तिक व आरव हैं। प्रभारी निरीक्षक एमएम चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

फाेटो-2 घटना स्थल पर जमीन में धंसा खड़ा ट्रैक्टर। संवाद- फोटो : shrinagar news