महोबा। शहर कोतवाली के रतौली गांव में शादी में भोजन करने के बाद पांच बच्चों समेत नौ लोगों की हालत बिगड़ गई। इनमें दूल्हे के दादा, परिवार की महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर इसे फूड प्वाॅइजनिंग बता रहे हैं।
रतौली गांव निवासी राममिलन प्रजापति की बेटी करिश्मा की शादी 21 अप्रैल को होना है। रविवार को घर पर मंडप भोज चल रहा था। मेहमानों को आलू-टमाटर की सब्जी, रोटी और चावल परोसा गया था। भोजन करने के कुछ देर बाद फूड प्वाॅइजनिंग से मेहमानों की तबीयत बिगड़ गई। सबसे पहले बच्चों में उल्टी, दस्त के लक्षण दिखे। बाद में नौ लोग इसकी चपेट में आ गए। बीमार होने वालों में जनपद छतरपुर के बजरंगपुर निवासी दिव्यांश (06), उसकी बहन दिव्यांशी (07), प्रेमा (32), उसकी बेटी आकांक्षा (08), भागवती (55), धवारी निवासी आदित्या (03), सुनीता (25) और रतौली निवासी लक्ष्मण (60) व नीलम (07) शामिल हैं।
लक्ष्मण के बेटे जालिम ने बताया कि नौ लोगों की हालत बिगड़ने पर पहले सभी को निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल लाया गया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. शिशुपाल ने बताया कि मामला फूड प्वाॅइजनिंग का है। दूषित भोजन से सभी की तबीयत बिगड़ी है। सभी की हालत में सुधार है।
कमेंट
कमेंट X