Hamirpur: यमुना ब्रिज पर कार की टक्कर के बाद युवक ने नदी में लगाई छलांग, पुलिस ने चार को हिरासत में लिया
Hamirpur News: कार की टक्कर के बाद हुए विवाद के बीच छतरपुर के युवक ने यमुना में कूदकर जान दे दी। पुलिस पूर्व की नाराजगी और झगड़े दोनों एंगल से जांच कर रही है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित यमुना ब्रिज पर सोमवार-मंगलवार की रात हुए सड़क हादसे के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कार की टक्कर के बाद युवक द्वारा नदी में छलांग लगाने की बात सामने आई है, जबकि राहगीरों ने दोनों गाड़ियों के सवारों के बीच झगड़े की भी बात कही है।
मृतक की पहचान आदित्य जैन (लगभग 28 वर्ष) पुत्र चक्रेश जैन निवासी गायत्री कॉलोनी थाना नौगांव जिला छतरपुर के रूप में हुई है। वह अविवाहित था और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बताया गया कि वह रजिस्ट्री ऑफिस में लेखक के रूप में कार्य करता था।
यमुना ब्रिज पर कार की दूसरी गाड़ी से हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार आदित्य जैन कार से कानपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान यमुना ब्रिज पर उसकी कार की दूसरी गाड़ी से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद युवक ने अचानक पुल से यमुना नदी में छलांग लगा दी।
युवक किसी बात से नाराज होकर घर से निकला था
सूचना पर हमीरपुर और कानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर युवक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल हमीरपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र मिश्र ने बताया कि परिजनों ने पहले ही छतरपुर एसपी को सूचना दी थी कि युवक किसी बात से नाराज होकर घर से निकला है और कानपुर की ओर जा सकता है।
आत्महत्या का मामला हो रहा है प्रतीत
इस पर छतरपुर पुलिस ने बांदा समेत आसपास के जनपदों को अलर्ट किया था कि यदि युवक दिखाई दे, तो उसे कबरई-मौदहा क्षेत्र में रोका जाए। पुलिस के अनुसार दूसरी गाड़ी में सवार लोगों से कानपुर जनपद के सजेती थाना पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

कमेंट
कमेंट X