Kanpur Accident: मोबाइल पर बात करना पड़ा भारी, ट्रक से कुचलकर महिला डिजाइनर की मौत, फरार चालक की तलाश
Kanpur News: यशोदा नगर निवासी महिला डिजाइनर इशरत खान की मंगलवार को नौबस्ता चौराहे पर ट्रक की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। महिला काकादेव के एक स्कूल में काम निपटाकर घर लौट रही थीं और सड़क पार करते समय फोन पर बात करने के कारण हादसे का शिकार हो गईं।
विस्तार
कानपुर में फोन पर बात करते सड़क पार करने के दौरान नौबस्ता चौराहा पर तेज रफ्तार ट्रक ने मंगलवार दोपहर यशोदानगर निवासी महिला डिजाइनर इशरत खान (38) को रौंद दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वह काकादेव स्थित एक स्कूल में बच्चों की बनाई डिजानइर ड्रेसों को देकर घर लौट रही थीं। पुलिस ने महिला का पता लगाकर परिवारीजनों को हादसे की जानकारी दी।
यशोदा नगर निवासी ट्रक चालक अशरफ की बेटी इशरत खान ग्रेजुएशन के बाद से शहर के कई स्कूलों से टाइप करके बच्चों की डिजाइनर वस्त्र तैयार करती थीं। परिवार में मां नसीम, भाई हमजा, बहन नुसरत और मुंतशा है। परिवारीजनों ने बताया कि वह मंगलवार सुबह 10 बजे घर से काकादेव स्थित एक स्कूल में बच्चों की तैयार डिजाइनर ड्रेसों को देनी गईं थीं। वहां से लौटते समय नौबस्ता चौराहे पर किसी का फोन आ गया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मां शव देख सन्न रह गई
इस दौरान बात करते-करते सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को रौंद दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। हाईवे पर हादसा देख तमाशबीनों के कारण जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को वहां से तितर बितर किया। महिला पुलिस को तलाशी में मिले कागजात से परिजन को सूचना दी गई। आननफानन पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मां ने बड़ी बेटी का शव देखा, तो सन्न रह गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
करीब 10 मिनट तक वह बदहवास हो गई। वहीं] उनकी मौसी वसीम और मामा बिलख पड़े। मां का कहना था कि अभी पिता ट्रक लेकर बाहर गए हुए हैं। उन्हें सूचना नहीं दी गई है। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि चौराहे पर मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि महिला किसी से फोन पर बात करते हुए सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान ट्रक ने रौंद दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X