इबरत को किसने मारा?: पीछे सिर में मारी गोली, जेब में मिला मोबाइल और चार हजार कैश; कहीं ये आशिक तो नहीं?
पुलिस के अनुसार दोपहर के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने 112 पर फोन कर सूचना दी थी कि कपूरपुर थाने के पास स्थित आम के बाग में फायरिंग की सूचना दी थी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो आम के बाग में एक मोपेड खड़ी थी, जिस पर कपड़े लदे थे। पास ही एक युवक का शव पड़ा मिला, जिसके सिर में पीछे से गोली मारी गई थी।
विस्तार
यूपी के हापुड़ स्थित धौलाना थाना कपूरपुर से मात्र करीब दो सौ मीटर स्थित एक आम के बाग में कपड़ों की फेरी लगाने वाले युवक इबरत खान (25) की दिन दहाड़े सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर हत्यारे फरार हो गए। किसी अज्ञात व्यक्ति ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बाग में फायरिंग होने की सूचना दी। मृतक मूल रूप से बदायूं का रहने वाला था और पिछले चार साल से हापुड़ में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस की कई टीमें खुलासे के प्रयास में जुटी हैं।
सिर में पीछे से मारी गई गोली
पुलिस के अनुसार दोपहर के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने 112 पर फोन कर सूचना दी थी कि कपूरपुर थाने के पास स्थित आम के बाग में फायरिंग की सूचना दी थी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो आम के बाग में एक मोपेड खड़ी थी, जिस पर कपड़े लदे थे। पास ही एक युवक का शव पड़ा मिला, जिसके सिर में पीछे से गोली मारी गई थी। मृतक की पहचान वर्तमान में हापुड़ के मोहल्ला मजीदपुरा गली नंबर पांच निवासी इबरत खान के रूप में हुई। युवक इससे पहले पिछले चार वर्षों से हापुड़ नगर के बुलंदशहर रोड स्थित ईदगाह रोड पर किराए के मकान में रह रहा था। अब युवक पिछले दो माह से अपने पिता के साथ मोहल्ला मजीदपुरा गली नंबर पांच में रह रहा था।
जेब में मिला मोबाइल और चार हजार रुपये
हत्या की सूचना पर एसपी ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की। मृतक मूल रूप से जिला बदायूं के गांव उरैना का रहने वाला था और अविवाहित था। वर्तमान में वह यहां अपने पिता किशबर खान और एक चचेरे भाई के साथ यहां रहता था। चचेरा भाई भी फेरी लगाने का काम करता है। मृतक के शव के पास से उसकी मोपेड, कपड़े के अलावा उसका मोबाइल फोन और जेब में रखे चार हजार रुपये सही सलामत मिले हैं। ऐसे में पुलिस को लूट आदि की आशंका नहीं है। पुलिस रंजिशन या प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका के बिंदु पर जांच कर रही है। मृतक के पिता से भी पुलिस ने लंबी पूछताछ की।
पुलिस का बयान
मामले के खुलासे के लिए टीमों को लगा दिया गया है। मृतक से जुड़े लोगों से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी की भी जांच कराई जा रही है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है, जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा। -विनीत भटनागर, एएसपी।