कंडेंसर की पिन्नी बनी मौत का कारण: हाईटेंशन की चपेट में आई 10 साल की रुकैय्या, झुलसने से मौत; छत पर खेल रही थी
हसन की बेटी रुकैय्या 22 मार्च की शाम अपने दो मंजिला मकान की छत पर खेल रही थी। इस दौरान उसके हाथ में सीलिंग फैन के कंडेंसर की पिन्नी थी, जो अचानक उड़कर घर के बराबर से होकर गुजर रही एचटी लाइन से टकरा गई।
विस्तार
यूपी के हापुड़ स्थित बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव नंगला बड़ में हाईटेंशन (एचटी) लाइन की चपेट में आने से झुलसी 10 वर्षीय रुकैय्या की शुक्रवार की रात को मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
हाथ में थी सीलिंग फैन के कंडेंसर की पिन्नी
गांव निवासी हसन की बेटी रुकैय्या 22 मार्च की शाम अपने दो मंजिला मकान की छत पर खेल रही थी। इस दौरान उसके हाथ में सीलिंग फैन के कंडेंसर की पिन्नी थी, जो अचानक उड़कर घर के बराबर से होकर गुजर रही एचटी लाइन से टकरा गई। लाइन अत्यधिक नजदीक होने के कारण तुरंत ही रुकैय्या को कंरट लगा और वह बुरी तरह झुलस गई।
मेरठ में तोड़ा दम
जिसकी चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग छत पर पहुंचे और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने बच्ची को मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। तभी से बच्ची का उपचार मेरठ के अस्पताल में चल रहा था। ग्राम प्रधान के पति आरिफ ने बताया कि मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। शनिवार को गमगीन माहौल में बच्ची के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
घर में आ गई थी दरार, फुंक गए थे उपकरण
हादसे के दौरान हसन के घर की छत का पिलर क्षतिग्रस्त होने के साथ ही कई स्थानों पर दरार आ गई थीं। इसके अलावा घर में लगे बिजली के तमाम उपकरण भी फुंक गए थे। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि बच्ची की मौत की सूचना मिली है। लेकिन, इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है।