{"_id":"699bfefb4ebcb96c240bac31","slug":"vehicles-passed-under-the-closed-gate-poorabiya-express-applied-emergency-brakes-2026-02-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hapur News: बंद फाटक के नीचे से निकले वाहन, पुरबिया एक्सप्रेस ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक, बड़ा हादसा टला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Hapur News: बंद फाटक के नीचे से निकले वाहन, पुरबिया एक्सप्रेस ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक, बड़ा हादसा टला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हापुड़
Published by: विजय पुंडीर
Updated Mon, 23 Feb 2026 12:47 PM IST
विज्ञापन
पुरबिया एक्सप्रेस ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
लापरवाही और जल्दबाजी के कारण सोमवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते होते बच गया। गढ़ नगर के स्याना रोड स्थित रेलवे फाटक पर बंद फाटक के नीचे से अलग-अलग वाहन सवार ट्रैक पार करने लगे और उसी दौरान दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पुरबिया एक्सप्रेस को चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका। चालक की सूझबूझ से बाइक सवार की जान जाते-जाते बची और एक बड़ा हादसा टल गया।
Trending Videos
सोमवार सुबह करीब 9 बजे फाटक बंद कर दिया गया था, क्योंकि दिल्ली की ओर से पूर्वांचल की दिशा में जा रही पुरबिया एक्सप्रेस गुजरने वाली थी। चेतावनी के बावजूद बाइक सवार, एक मोपेड चालक और ई रिक्शा फाटक के नीचे से निकलकर रेलवे ट्रैक पार करने लगे। इसी दौरान ट्रेन की तेज आवाज और लगातार बज रहे हॉर्न ने वहां खड़े लोगों को चौंका दिया। जैसे ही ट्रेन मोड़ से फाटक के पास पहुंची, चालक ने ट्रैक पर लोगों को देखकर तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगने से ट्रेन कुछ दूरी पहले ही रुक गई। यदि ब्रेक समय पर नहीं लगाए जाते तो पांचों वाहन सवार ट्रेन की चपेट में आ सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था।
विज्ञापन
विज्ञापन
घटना के दौरान फाटक के दोनों ओर खड़े लोगों में हडकंप मच गया। कई लोगों ने लापरवाही बरतने वालों को मौके पर ही फटकार भी लगाई। सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और वाहनों और एक बाइक सवार शिवम निवासी मांकड़ी बुलंदशहर को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन को पुन: रवाना कर दिया गया, जिससे रेल यातायात पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि फाटक बंद होने के बावजूद अक्सर लोग जल्दबाजी में नियमों की अनदेखी कर ट्रैक पार करने लगते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस से फाटक पर सख्ती बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।
आरपीएफ चौकी इंचार्ज केशर सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा ने बूम में टक्कर मार दी थी, जिसकी मरम्मत चल रही थी। तभी वहां से एक बाइक सवार आया और बाइक निकालने लगा, तभी ट्रेन रुकी और बाद में मौके पर पहुंचकर बाइक सवार को पकड़ लिया और ई-रिक्शा चालक की तलाश कराई जा रही है। रेलवे एक्ट के अंतर्गत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
