हरदोई। दोबारा जिला पंचायत के अध्यक्ष और विधायक रहे बाबू श्रीश चंद्र अग्रवाल की 107वीं जयंती रविवार काे मनाई गई। जिला पंचायत परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और उनके पुत्र मुकेश अग्रवाल ने कहा कि सैद्धांतिक मूल्यों पर राजनीति करने वालों में उनके पिता की गिनती थी।
उल्लेखनीय है कि जनपद के दिग्गज नेता रहे श्रीश चंद्र अग्रवाल पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल के पिता और आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के बाबा थे। जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मुकेश अग्रवाल ने कहा कि पिता बाबू श्रीश चंद्र अग्रवाल ने हमेशा विरोधियों को मुंह तोड़ जवाब दिया। विधायक के रूप में अपने क्षेत्र को विकसित कराया तो जिला पंचायत अध्यक्ष के नाते जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों को मजबूत किया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि बाबूजी को जनपद की राजनीति का पुरोधा कहा जाता है। जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में उन्होंने बड़ी संख्या में विकास कार्य कराए थे।
नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल ने भी बाबू श्रीश चंद्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला, मनीष चतुर्वेदी, भाजपा नेता पीके वर्मा, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष केडी शुक्ला और त्रिलोकी सिंह, शिक्षक नेता योगेश त्यागी, योगेंद्र दत्त मिश्रा, उमेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।