Hathras: गैंगवार आरोपियों की तलाश में दो थानों की चार गांवों में दबिश, सिपाही का मोबाइल छीनने वालों पर शिकंजा
आगरा-अलीगढ़ सड़क पर कैलाश ढाबे के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। इस घटना में 50 से अधिक राउंड फायरिंग की बात सामने आई थी। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
18 जून को बाईपास पर हुई गैंगवार के फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने सोमवार रात से लेकर तड़के पहर तक हाथरस जंक्शन और चंदपा क्षेत्र के चार गांवों में छापा मारा। हालांकि इस दौरान एक भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। इसके साथ ही, चामड़ गेट पर सिपाही का मोबाइल छीनने वाले दुस्साहसी युवकों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर देर रात और तड़के हाथरस जंक्शन के गांव गंगचौली व नगला इमलिया जबकि चंदपा क्षेत्र के गांव सामंत पट्टी और खेड़ा परसौली में छापा मारने के साथ ही पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों गैंगों के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए अन्य संभावित ठिकानों की तलाश में भी पुलिस जुटी है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों के सटीक ठिकानों का पता लगाया जा रहा है।
सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि पुलिस टीमें पूरी सक्रियता से काम कर रही हैं। हर संभावित ठिकाने पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
गैंगवार में 50 राउंड से ज्यादा चली थीं गोलियां
18 जून की शाम को आगरा-अलीगढ़ सड़क पर कैलाश ढाबे के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। इस घटना में 50 से अधिक राउंड फायरिंग की बात सामने आई थी। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंगवार में शामिल युवक घटना के बाद से ही अपने घरों से फरार हैं। वे लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे हैं।
अपराधियों को पनाह देने वालों पर चेतावनी
पुलिस ने फरार आरोपियों के परिजनों और करीबियों को सख्त हिदायत दी है। चेताया है कि अपराधियों को पनाह देने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य है कि कोई भी अपराधी कानून के शिकंजे से बच न पाए। इस संबंध में लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस इस मामले में कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती है।
सिपाही का मोबाइल छीनने वालों पर कार्रवाई
चामड़ गेट चौराहे पर 21 जून की शाम ड्यूटी के दौरान एक सिपाही से मोबाइल छीनने की घटना हुई थी। दुस्साहसी युवकों ने सिपाही से मोबाइल छीनकर भागने का प्रयास किया था। पुलिस ने खाकी पर हाथ डालने वाले इन बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। उन्हें पकड़ने के लिए सर्विलांस और स्वाट टीम को भी काम पर लगाया गया है। चौराहे और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस इस मामले में भी जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद कर रही है।