सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Etawah News ›   170 poles toppled, 200 trees uprooted in Etawah; woman dies, two injured

तूफान का तांडव: इटावा में 170 पोल टूटे, 200 पेड़ गिरे, महिला की मौत; दो लोग घायल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इटावा Published by: Shikha Pandey Updated Wed, 10 Jun 2026 12:15 AM IST
विज्ञापन
सार

Etawah News: 70 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से शाम सवा चार बजे तूफान आया। बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी बदहाल होग गई।

170 poles toppled, 200 trees uprooted in Etawah; woman dies, two injured
तूफान ने मचाई तबाही - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

दिनभर की भीषण गर्मी के बाद शाम को मौसम अचानक बदल गया। लगभग सवा चार बजे 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आए तूफान ने जिले में भारी तबाही मचाई। इस आंधी से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए। तूफान के कारण जिले में 170 बिजली के खंभे और कई पेड़ गिर गए। अनेक स्थानों पर दीवारें भी ढह गईं। कचहरी परिसर में एक अधिवक्ता के चैंबर पर पेड़ गिरने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कलक्ट्रेट परिसर में लगा टावर भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर का एक विशाल पेड़ बाउंड्री तोड़कर बाहर गिरा, जिससे एक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
Trending Videos


डायट सड़क और डीआईओएस कार्यालय जाने वाले मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया। होमगंज में शीशम का पेड़ मुख्य सड़क पर गिरने से मार्ग बंद हो गया और एक बाइक क्षतिग्रस्त हुई। गुलाबबाड़ी में इमली का पेड़ गिरने से दो मोटरसाइकिलें दब गईं। आंधी से पहले बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद कर दी गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

नारायणपुरवा गांव में बाड़े की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। जसवंतनगर के भारद्वाजपुरा गांव में 12 वर्षीय योगेश कुमार पर बरगद का पेड़ गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में उसकी दो बकरियों की भी मौत हो गई। जगसौरा गांव में भागवत कथा के दौरान तेज हवा से टेंट पलट गया। इसकी चपेट में आकर 45 वर्षीय शिमला देवी घायल हो गईं और उनके सिर में चोट आई।

लाइनपार, फ्रेंड्स कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी, कचहरी सड़क और जिला अस्पताल परिसर में पेड़ व डालियां गिरने से बिजली के तार टूट गए। रायनगर से जसवंतनगर आने वाली 33 हजार केवी बिजली लाइन के खंभे टूटने से आपूर्ति ठप हो गई। कचौरा सड़क पर कोल्ड स्टोर के पास ट्रांसफार्मर का खंभा भी गिर पड़ा। व्यापक नुकसान के कारण देर रात तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। शहर के मदन अस्पताल में भी आंधी से चेंबर और मुख्य द्वार क्षतिग्रस्त हो गए।

बाड़े की दीवार गिरी, दबकर महिला की मौत
तूफान के बीच सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नारायणपुरवा में गंभीर की पत्नी कैलाशी देवी (50) घर के पास बने नवनिर्मित बाड़े के पास काम कर रही थीं। इस बीच तूफान में बाड़े की दीवार ढह गई। इसके नीचे कैलाशी देवी दब गई। परिजनों और ग्रामीणों ने जब तक उन्हें निकाला तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर विक्रम राघव ने जानकारी जुटाकर परिजनों को मद्द का आश्वासन दिया। एसडीएम ने बताया कि सर्वे करा लिया गया है। दैवीय आपदा के तहत मुआवजा दिलाया जाएगा।

 
विज्ञापन

शहर में जगह-जगह हुआ जलभराव
मंगलवार शाम आई तेज आंधी से जहां एक ओर बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई वहीं दूसरी ओर शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। पक्का बाग पर मुख्य मार्ग पर एजेंसी के सामने जलभराव हो गया। वहीं लोकनिर्माण विभाग खंड तीन के एक्सईएन कार्यालय में भी पानी भर गया। इसके साथ ही जिला अस्पताल, इटावा-कानपुर नेशनल हाईवे के सर्विस रोड पर कई जगह जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

आंधी-बारिश से बकेवर की बिजली व्यवस्था ध्वस्त
बकेवर में मंगलवार शाम आई तेज आंधी और बारिश से बकेवर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कस्बा बकेवर समेत सौ से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति फाल्ट के चलते बाधित हो गई। ग्रामीण फीडरों पर 10 से अधिक पोल टूटने की बात सामने आई है। आंधी के दौरान कस्बा बकेवर बिजलीघर की 33 हजार केवी लाइन पर पेड़ की टहनी गिरने से आपूर्ति ठप हो गई। जेई आशीष श्रीवास्तव लाइनमैनों की टीम के साथ फाल्ट दूर कराने में जुटे रहे।

वहीं ग्रामीण उपकेंद्र पर बिजली पहुंचने के बावजूद पांचों फीडरों पर पोल टूटने और तार गिरने से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। एसडीओ संत कुमार वर्मा ने बताया कि 33 हजार की लाइन को कुछ देर में चालू कर दिया गया था, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के फीडरों में फाल्ट बना रहा। प्रारंभिक जांच में करीब दस पोल टूटने की संभावना है।

तेज आंधी से पूरे जिले की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लगभग 170 खंभे गिरे है। सबसे अधिक खंभे पेड़ों के गिरने से क्षतिग्रस्त हुए है। सबसे पहले बड़ी लाइनों की पेट्रोलिंग करवाई जा रही है। सभी कर्मचारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए है, प्रयास यही है कि जल्द से जल्द जिले की बिजली आपूर्ति बहाल करवा दी जाए। - ऋषभ देव, अधीक्षण अभियंता

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed