Kanpur: श्याम नगर में दिनदहाड़े गन पॉइंट पर लाखों की लूट, शिक्षक की पत्नी-बेटे को तमंचा दिखाकर फरार हुए बदमाश
Kanpur News: श्याम नगर में पीएसी पुल के पास सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे दिनदहाड़े दो बदमाशों ने एक घर में घुसकर तमंचे के बल पर लाखों रुपये की नकदी और जेवर लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर के चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्याम नगर में सोमवार को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पीएसी पुल के पास स्थित एक शिक्षक के घर में घुसे दो शातिर बदमाशों ने तमंचे के बल पर गृहस्वामिनी और उनके मासूम बेटे को बंधक बना लिया।
इसके बाद बदमाश अलमारी में रखी लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेटकर आसानी से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
ऑक्सफोर्ड स्कूल में शिक्षक हैं मकान मालिक
जानकारी के अनुसार, श्याम नगर पीएसी पुल के पास रहने वाले शरद त्रिपाठी ऑक्सफोर्ड स्कूल में शिक्षक हैं। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने काम से बाहर गए हुए थे। उस समय घर पर उनकी पत्नी रचना और बेटा देवांश ही मौजूद थे। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश अचानक घर के अंदर दाखिल हो गए।
तमंचा दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
घर में घुसते ही बदमाशों ने रचना और उनके बेटे देवांश पर तमंचा तान दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। तमंचे की नोक पर बदमाशों ने पूरे घर को खंगाला और अलमारी व लॉकर में रखी लाखों रुपये की नकदी व कीमती जेवर बटोर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से आराम से फरार हो गए।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी, जांच जारी
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस आसपास की गलियों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के आने-जाने के रूट का पता लगाया जा सके।