औरैया: नानी के घर आए युवक ने फंदा लगाकर दी जान, पेड़ पर दुपट्टे से लटका मिला शव, सुसाइड नोट में लिखी ये बात
Auraiya News: अयाना थाना क्षेत्र के कुंवरदेवपुर गांव में नानी के घर आए युवक ने बुधवार रात आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह चार दिन पहले ही अपनी नानी के घर आया था। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मारपीट और धमकाने की बात लिखी है।
विस्तार
औरैया जिले में अयाना थाना क्षेत्र के कुंवरदेवपुर गांव में नानी के घर आए 20 वर्षीय युवक ने बुधवार रात को फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव गांव के बाहर खेत में आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अजीतमल थाना क्षेत्र के हैदरपुर निवासी ऋषभ पुत्र सर्वेश कुमार चार दिन पहले अयाना थाना क्षेत्र के कुंवरदेवपुर गांव में नानी रेशमा देवी के घर आया था।
चचेरे नाना सर्वेश ने बताया कि वह अपनी बेटी जूली की शादी में शामिल होने चिचौली में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में गए थे। घर पर रेशमा देवी अकेली थीं। शाम को वह घर लौटे तो ऋषभ नहीं मिला। इस पर परिजनों ने आसपास के खेतों में तलाश शुरू की। इसी दौरान अयोध्या प्रसाद के खेत में आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे ऋषभ का शव लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। अनहोनी पर मां सोनी देवी, भाई हिमांशु, बहन दिव्यांशी व परिजन रोने लगे।
शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला
सोनी देवी ने बताया कि बेटा अविवाहित था। बृहस्पतिवार को सीओ अजीतमल शैलेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस को शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें मारपीट व धमकाने को लेकर लिखा है। थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। पढ़ने में समझ में नहीं आ रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।