यूपी: स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला, ATS के हत्थे चढ़ा अंकित, दूसरे मामले में सूरज भी अरेस्ट
Kanpur News: कानपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों से बम धमाकों की धमकी देने वाले मामलों में यूपी पुलिस और एटीएस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एटीएस ने घाटमपुर के अनोइया गांव निवासी अंकित शंखवार (24) को गिरफ्तार किया है । इसके अलावा काकादेव थाने की पुलिस ने दूसरे मामले में दिल्ली में बम ब्लास्ट की धमकी देने वाले फफूंद-दिबियापुर निवासी यूपीएससी अभ्यर्थी सूरज को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस को सौंपा है।
विस्तार
नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम और मुंबई में स्कूलों व महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ईमेल की जांच में कानपुर के युवक की भूमिका सामने आई है। यूपी एटीएस ने घाटमपुर के अनोइया गांव निवासी अंकित शंखवार (24) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह फर्जी पहचान से ईमेल आईडी बनाकर पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की, मिस्र समेत कई देशों में बैठे लोगों को बेचता था। बदले में बिनांस क्रिप्टो वॉलेट के जरिए भुगतान लेता था।
एटीएस के मुताबिक, उसके लैपटॉप से करीब पांच लाख ईमेल आईडी वाली एक्सेल फाइलें मिली हैं। इनमें वे आईडी भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल स्कूलों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को बम धमाकों की धमकी भेजने में किया गया। एटीएस को सूचना मिली थी किsimenbriones9265@gmail.com से नोएडा, दिल्ली और गुरुग्राम के विभिन्न स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे जा रहे हैं।
ईमेल आईडी का इस्तेमाल कानपुर से होने की जानकारी मिली
इन संदेशों में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा के नाम का इस्तेमाल करते हुए स्कूलों, पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-एनसीआर में प्रस्तावित कार्यक्रम और एक चर्चित बॉलीवुड अभिनेता के घर पर धमाके की धमकी दी गई थी। तकनीकी जांच में इस ईमेल आईडी का इस्तेमाल कानपुर से होने की जानकारी मिली। इसके बाद एटीएस ने जांच आगे बढ़ाई और अंकित तक पहुंची।
क्रिप्टो करेंसी के लेनदेन के साक्ष्य मिले
अंकित ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2021 से फर्जी ईमेल आईडी बनाने का काम कर रहा था। फेसबुक पर आईडी की खरीद-बिक्री करने वाले ग्रुपों से जुड़कर उसने खरीदार जुटाए। बाद में पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की, मिस्र और अमेरिका समेत कई देशों के लोगों से उसका संपर्क हो गया। वह ईमेल आईडी, पासवर्ड, रिकवरी ईमेल और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन से जुड़ी जानकारी एक्सेल शीट में दर्ज कर व्हाट्सएप के जरिए भेजता था। एटीएस के मुताबिक, उसके मोबाइल में विदेशी नंबरों से संपर्क और बड़ी मात्रा में यूएसडीटी क्रिप्टो करेंसी के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं।
बांग्लादेशी नागरिक को छह हजार यूएसडीटी में दी आईडी
एटीएस के मुताबिक, अंकित की बांग्लादेशी नागरिक अलामीन इस्लाम उर्फ अलामीन से फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि अलामीन ने उससे फर्जी ईमेल आईडी मांगी और बदले में छह हजार यूएसडीटी का भुगतान किया। जांच में simenbriones9265@gmail.com आईडी अलामीन को भेजे जाने और 12 अक्तूबर को नोएडा के स्कूलों व अन्य स्थानों पर धमकी भरे ईमेल भेजने में इस्तेमाल होने की जानकारी मिली।
एटीएस ने अंकित को कानपुर से गिरफ्तार किया
वहीं, smithjohnson6889@gmail.com से 23 अक्तूबर को मुंबई मेयर कार्यालय को बम धमाके की धमकी भेजी गई थी। दोनों ईमेल आईडी से संबंधित पासवर्ड, रिकवरी ईमेल और ऑथेंटिकेशन कोड व्हाट्सएप पर भेजे जाने के साक्ष्य भी मिले हैं। एटीएस ने 28 अक्तूबर को अंकित को कानपुर से गिरफ्तार किया। उसके पास से मोबाइल और लैपटॉप बरामद हुआ है। एटीएस थाना लखनऊ में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
2021 से बना रहा था फर्जी ईमेल आईडी
एटीएस की पूछताछ में सामने आया कि अंकित वर्ष 2021 से फर्जी ईमेल आईडी बनाने में जुटा था। लैपटॉप से मिली एक्सेल फाइलों में करीब पांच लाख ईमेल आईडी दर्ज मिली हैं। इनमें आईडी के साथ पासवर्ड, रिकवरी ईमेल और ऑथेंटिकेशन संबंधी जानकारियां भी थीं। एटीएस के मुताबिक, इनका इस्तेमाल प्रॉक्सी सर्वर के जरिए फर्जी पहचान से ईमेल चलाने के लिए किया जाता था।
धमकी वाले ईमेल की जांच से खुला नेटवर्क
नोएडा, दिल्ली और गुरुग्राम के स्कूलों को धमकी देने वाली ईमेल आईडी की तकनीकी जांच में उसका इस्तेमाल कानपुर से होने की जानकारी मिली। जांच में मुंबई मेयर कार्यालय को धमकी देने वाली दूसरी ईमेल आईडी भी अंकित के लैपटॉप और मोबाइल में मिली। एटीएस अब आरोपी की कथित गतिविधियों से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी में है।
जन्नत-ए-फिरदौस संगठन के नाम से दी थी धमकी
काकादेव थाने से भी दूसरे मामले में दिल्ली में फोन कर बम ब्लास्ट करने के मामले में भी कानपुर पुलिस ने सूरज नाम के युवक को पकड़कर दिल्ली पुलिस को सौंपा। आरोपी ने जन्नत-ए-फिरदौस संगठन के नाम से दी धमकी। आरोपी फफूंद दिबियापुर का रहने वाला है और यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। उसके घर पर लगे वाई फाई का इस्तेमाल भी किया गया।