Kanpur: फंदे पर लटका मिला पति, फर्श पर बेजान पड़ी थी पत्नी; बर्रा में किराए के मकान में दंपती की संदिग्ध मौत
Kanpur News: बर्रा थाना क्षेत्र के बर्रा-7 स्थित एक किराए के मकान में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में दंपती की मौत का मामला सामने आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे के अंदर पति का शव फंदे से लटका हुआ और पत्नी का शव फर्श पर पड़ा पाया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
किराए के मकान में मंगलवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में पति-पत्नी की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद कमरे का नजारा देखा तो सन्न रह गई।
कमरे के अंदर पति का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि पत्नी का शव फर्श पर पड़ा मिला। पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए और मामले की गहनता से पड़ताल शुरू कर दी है।
चार दिन पहले ही किराए पर रहने आया था दंपती
पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतकों की पहचान 36 वर्षीय सौरभ सविता पुत्र नरेश सविता और उनकी पत्नी रानी सविता के रूप में हुई है। सौरभ मूल रूप से सचेंडी थाना क्षेत्र के कालका पुरवा (भीमसेन) गांव का रहने वाला था। पुलिस पूछताछ में मकान मालिक और पड़ोसियों ने बताया कि सौरभ और रानी महज 04 दिन पहले यानी शनिवार को ही बर्रा-07 स्थित मकान संख्या एसएस-186 में किराए पर रहने आए थे।
मंगलवार दोपहर करीब 03 बजे जब काफी देर तक कमरे में कोई हलचल नहीं हुई और दरवाजा अंदर से बंद रहा, तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। खिड़की से झांककर देखने पर अंदर का खौफनाक मंजर दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट्स और डिजिटल साक्ष्य जुटाए
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की फील्ड यूनिट को तुरंत मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने बंद कमरे का दरवाजा खुलवाकर बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने कमरे से फिंगरप्रिंट्स, कमरे में रखी वस्तुओं के नमूने, रस्सी-दुपट्टा और अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल से दंपती के मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस मोबाइल के कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट्स की पड़ताल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से ठीक पहले उनकी किससे बात हुई थी या परिवार में किसी तरह का तनाव था या नहीं।
हत्या के बाद खुदकुशी या कुछ और?
दंपती की इस तरह अचानक हुई मौत को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। प्रथम दृष्टया मामला गृह क्लेश या आपसी विवाद के बाद हत्या और फिर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस प्रशासन किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि पत्नी के शरीर पर कोई बाहरी गंभीर चोट के निशान हैं या नहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पूरी तरह साफ हो पाएगा। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि क्या पति ने पहले पत्नी की गला घोंटकर या जहर देकर हत्या की और फिर खुद फंदे पर लटक गया, या फिर मौत के पीछे कोई अन्य वजह है।