Unnao: गंगा पुल पर बाइक, मोबाइल और चप्पल मिलीं, युवक के नदी में कूदने की आशंका; गोताखोरों ने शुरू की तलाश
Unnao News: बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग स्थित गंगा नदी के पुल पर बुधवार देर रात युवक की बाइक, मोबाइल और चप्पल मिलने से उसके नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग पर स्थित गंगा नदी पुल पर बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक की लावारिस बाइक, मोबाइल फोन और चप्पलें बरामद हुईं। युवक के गंगा नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। 10 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है।
मोमोज का ठेला लगाता है नीलेश
जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला सराय निवासी नीलेश (20) पुत्र रामेंद्र जायसवाल नानामऊ तिराहे पर मोमोज और फिंगर चिप्स का ठेला लगाता है। बुधवार शाम वह अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। जब देर रात तक वह वापस घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
पुल पर मिला सामान, बढ़ी आशंका
इसी बीच रात करीब 11:45 बजे यूपी-112 (PRV) को सूचना मिली कि गंगा नदी के पुल पर एक लावारिस बाइक खड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो बाइक के पास ही नीलेश का मोबाइल फोन और चप्पलें भी पड़ी हुई थीं। सामान मिलने के बाद नीलेश के गंगा नदी में कूदने की आशंका और पक्की हो गई। पुलिस ने तुरंत स्थानीय नानामऊ गांव के कुशल गोताखोरों को बुलाया और रात में ही नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।
परिजनों में मचा कोहराम, तलाश जारी
बृहस्पतिवार सुबह तक गोताखोरों की टीम नदी की तेज धार में नीलेश की तलाश करती रही, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। बेटे के नदी में डूबने की आशंका से मां रानी, भाई लकी और कुणाल का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि पुल पर सामान मिलने के बाद से ही गोताखोरों की मदद से नदी में सघन तलाश कराई जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।