राजमहल में डकैती डालकर समेटा था करोड़ों का बेशकीमती सामान, छह साल बाद इस हाल में गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
2012 में मध्यप्रदेश के रीवा के राजमहल में करोड़ों की डकैती को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्यों कुंवरपाल बंजारा, फहीम, राजा उर्फ अनस निवासी रामनगर बस्ता थाना ठठिया की गिरफ्तारी का कन्नौज पुलिस ने गुरुवार को आधिकारिक रूप से खुलासा किया। 12 हजार के इनामी कुंवरपाल बंजारा और उसके साथी ने पुलिस के सामने कई वारदातों को कबूल किया।
कन्नौज अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने रीवा राजमहल के बघेला म्यूजियम से चोरी हुई चांदी की तीन व सोने की एक लैंप, एक चांदी का हुक्का, हाथी की झूल, एक पेन पिस्टल व दो पिस्टल, पांच हाथी मार बंदूक समेत छह तलवारें और एक शाही खंजर, 50 किलो चांदी के साथ तीन अष्टधातु की बेशकीमती मूर्तियां और मंदिर के चांदी के छत्र को बरामद किया है। कुंवरपाल बंजारा, फहीम व राजा उर्फ अनस समेत कुल आठ लोगों ने मिलकर आठ अगस्त 2012 को राजमहल में चौकीदार की हत्या कर करोड़ों की डकैती को अंजाम दिया था। कुंवरपाल समेत उसके कुछ साथियों को मध्यप्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था, लेकिन फहीम और राजा फरार चल रहे थे। चोरी किया गया सामान फहीम के ही पास था। जेल से छूटने के बाद कुंवरपाल बंजारा फहीम के संपर्क में आ गया। तभी सर्विलांस टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित ने उन्हें दबोच लिया। कुंवरपाल बंजारा के खिलाफ रीवा, ठठिया व तिर्वा कोतवाली में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। कुंवरपाल बंजारा ने बताया कि उसने गिरोह के साथ कई प्राचीन मंदिरों से अष्टधातु की मूर्तियों व छत्रों के अलावा मूर्तियों में पर लगे आभूषणों को भी चोरी किया है।
इन वारदातों को दिया था अंजाम
17 फरवरी 2017 को अन्नूपर्णा मंदिर तिर्वा में चोरी : कुंवरपाल बंजारा और उसके साथी फहीम व राजा ने बताया कि 17 फरवरी को उन्होंने तिर्वा के अन्नपूर्णा मंदिर में मूर्ति से आभूषण व दानपात्र से नगदी लूटने के अलावा इलेक्ट्रानिक उपकरणों की चोरी की थी।
28 फरवरी 2017 को विधईपुर्वा में डकैती : गिरोह ने 28 फरवरी को तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के विधईपुर्वा गांव में बरजोर सिंह के यहां डाका डाला था। यहां से लाखों के आभूषण व नगदी लूट कर फरार हो गए थे।
26 नवंबर 2016 को नजरापुर में चोरी : गिरोह ने 26 नवंबर को तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव नजरापुर बृजेंद्र सिंह के घर और निखिल वर्मा की दुकान के ताले तोड़ दिए थे। यहां से लाखों का सामान चोरी कर लिया था।
05 फरवरी को दौलेश्वर धाम में चोरी : 12 हजार के इनामी बदमाश कुंवरपाल बंजारा ने पांच फरवरी की रात को तिर्वा में स्थित प्राचीन दौलेश्वर धाम मंदिर परिसर में रखी दुकानों को तोड़ कर हजारों का सामान चोरी किया था।
25 जनवरी को सतौरा में चोरी : 25 जनवरी को कुंवरपाल बंजारा ने गिरोह के साथ सतौरा गांव निवासी जलील खां के घर धावा बोला था। जलील के घर के ताले तोड़ कर लाखों के आभूषण व नगदी चोरी कर ले गए थे।
रीवा पुलिस ने डाला डेरा
12 हजार के इनामी बदमाश कुंवरपाल और उसके साथी फहीम व राजा को रिमांड पर लेने के लिए मध्यप्रदेश के रीवा जनपद की पुलिस ने जिले में डेरा डाल दिया है। रीवा पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवत के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता और शिव कुमार के नेतृत्व में रीवा कोतवाली एसआई राजन सिंह को कन्नौज आए हैं। पुलिस अधीक्षक रीवा ने बताया कि कुंवरपाल को इससे पहले भी एमपी पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि फहीम की तलाश में पुलिस वर्क कर रही थी। कन्नौज में गिरफ्तारी के बाद अब तीनों अपराधियों को कोर्ट से रिमांड पर लेने के बाद पूछताछ की जाएगी।