‘मौत का स्कूल': डेढ़ साल पहले भी की थी कोशिश, पिता बोले- प्रबंधन ने छिपाई सच्चाई, CCTV में कैद खौफनाक मंजर
Etawah Student Suicide News: इटावा पब्लिक स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदकर जान देने वाले कक्षा आठ के छात्र पिंटू के मामले में नया मोड़ आ गया है। पिता ने स्कूल प्रबंधन पर घटना की जानकारी छिपाने और इसे एक्सीडेंट बताने का गंभीर आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले में इटावा पब्लिक स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान देने वाले कक्षा आठ के छात्र पिंटू की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इकलौते बेटे को खोने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता का कहना है कि बेटे के व्यवहार में पिछले कुछ समय से बदलाव दिखाई दे रहा था और वह पढ़ाई को लेकर तनाव में भी था।
वहीं, उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर घटना की जानकारी समय पर न देने और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मुखिया अड्डा न्यू कॉलोनी निवासी राजेश राठौर ने बताया कि पिंटू उनकी तीन बेटियों के बीच इकलौता बेटा था। बुधवार सुबह वह रोजाना की तरह अपनी बहनों सोनी, मोनिका और नेहा के साथ स्कूल गया था। तीनों बहनें भी उसी स्कूल में पढ़ती हैं।
पता चला…अब इस दुनिया में नहीं रहा बेटा
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे छुट्टी के बाद तीनों बेटियां घर लौट आईं, लेकिन पिंटू नहीं पहुंचा। पहले परिवार ने सोचा कि वह किसी काम से रुक गया होगा, लेकिन कुछ देर बाद स्कूल से फोन आया कि बेटे का एक्सीडेंट हो गया है और वे जिला अस्पताल पहुंचें। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
पढ़ाई को लेकर मानसिक दबाव में था
उनका आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने उन्हें यह नहीं बताया कि पिंटू ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगाई है। स्कूल उनके घर से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर है, फिर भी घटना की सूचना नहीं दी गई। पिता ने बताया कि पिंटू पिछले कुछ दिनों से पढ़ाई को लेकर मानसिक दबाव में था। बुधवार सुबह भी वह खुद स्कूल पहुंचे थे, बेटे की पढ़ाई और व्यवहार को लेकर बातचीत की थी।
फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था
राजेश ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले पिंटू ने घर से धीरे-धीरे करीब 70 हजार रुपये निकाल लिए थे। उस घटना के बाद डांटने और पिटाई करने पर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। मां मालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने बताया कि दोनों बेटियां रोज की तरह छुट्टी के बाद घर पहुंच गई थीं, लेकिन पिंटू के न आने पर चिंता बढ़ने लगी।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है पुलिस
कुछ देर बाद स्कूल से फोन आया, जिसके बाद पूरा परिवार अस्पताल पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल स्टाफ ने घटना की वास्तविक जानकारी परिवार से छिपाई और केवल एक्सीडेंट होने की बात कही। उधर, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर उसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ये है पूरा मामला
फ्रेंड्स कॉलोनी के पचावली रोड स्थित इटावा पब्लिक स्कूल में बुधवार को छुट्टी के बाद कक्षा आठ के छात्र ने स्कूल की तीन मंजिला इमारत की खिड़की से छलांग लगाकर जान दे दी। घटना से स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
तीसरी मंजिल से लगा दी छलांग
मुखिया अड्डा न्यू कॉलोनी निवासी राजेश का पुत्र पिंटू (15) इटावा पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी। छुट्टी के बाद पिंटू ने अपनी पानी की बोतल कक्षा में छूट जाने की बात कहकर दोबारा कक्षा में प्रवेश किया। वह अपनी सीट पर चढ़ा, खिड़की खोली और कुछ सेकेंड तक नीचे देखने के बाद अचानक तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
परिजनों क रो-रोकर बुरा हाल
घटना होते ही स्कूल स्टाफ और अन्य कर्मचारी मौके पर दौड़ पड़े। स्कूल के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह और एक शिक्षक घायल छात्र को बाइक से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉ. ओमकांत ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
खिड़कियों पर जंगला होना चाहिए था
मृतक के पिता राजेश ने स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीसरी मंजिल की खिड़कियों पर जंगला होना चाहिए था। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। वहीं, प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह छात्र के पिता खुद स्कूल आए थे। उन्होंने बताया था कि मंगलवार शाम वह पिंटू को गणित की ट्यूशन पर लेकर गए थे।
मोबाइल फोन छीन लिया था और उसकी पिटाई भी की
जहां वह सवालों के जवाब नहीं दे पाया। इस बात से नाराज होकर उन्होंने घर लौटने पर उसका मोबाइल फोन छीन लिया था और उसकी पिटाई भी की थी। थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि छात्र ने कक्षा की खिड़की से छलांग लगाकर जान दी है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टयता पढ़ाई के दबाव में आत्महत्या की वजह सामने आई है।