UP: आज सैफई में बजेगी शहनाई, अखिलेश यादव के भाई आर्यन यादव की शादी की भव्य तैयारियां, जुटेंगे राजनीतिक दिग्गज
Etawah News: सैफई में आज सपा मुखिया अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव का विवाह संपन्न होगा। समारोह में 30 से 40 हजार लोगों के आने की संभावना है, जिसके लिए ब्लॉक परिसर में वीवीआईपी और सामान्य लोगों के लिए भव्य पंडालों में इंतजाम किए गए हैं।
विस्तार
इटावा जिले में सपा मुखिया अखिलेश यादव के परिवार में आज शहनाई गूंजेगी। उनके चचेरे भाई आर्यन यादव का विवाह संपन्न होगा। इसमें पार्टी के नेताओं के साथ कई अन्य दलों के बड़े नेता भी शामिल हो सकते हैं। मंगलवार को होने वाले कार्यक्रम को लेकर सोमवार को देर रात तक तैयारियां की जाती रहीं। कार्यक्रम में लगभग 30 से 40 हजार तक लोगों के आने की संभावना है।
ब्लॉक परिसर में उसी हिसाब से इंतजाम किए गए हैं। मौसम को ध्यान में रखते हुए वीवीआईपी अतिथियों के लिए वाटरप्रूफ शानदार पंडाल बनाया गया है। सामान्य लोगों के लिए महोत्सव पंडाल के भीतर आठ अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। यहां भोजन की व्यवस्था रहेगी। वाहनों को खड़ा करने के लिए सैफई मेला ग्राउंड में इंतजाम किया गया है।
वर्तमान में जिला पंचायत अध्यक्ष हैं आर्यन
जयमाला का कार्यक्रम मंगलवार दोपहर 12 बजे महोत्सव पंडाल के मंच पर होगा। विवाह की प्रमुख रस्में सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्माणाधीन इंटर कॉलेज परिसर में संपन्न की जाएंगी। आर्यन यादव के भाई वर्तमान में जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। मां प्रेमलता यादव भी जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं।
आर्यन की होने वाली पत्नी सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता हैं
आर्यन का विवाह लद्दाख के कारोबारी की बेटी सेरिंग से हो रहा है। सेरिंग दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में वकालत कर रही हैं। आर्यन और सेरिंग की रिंग सेरेमनी 15 दिसंबर 2024 को दिल्ली में हुई थी।