Etawah: पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया बिजली कटिया विवाद का आरोप
Etaawah News: जसवंतनगर के पीपरीपुरा गांव में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले के जसवंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपरीपुरा गांव में शनिवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। उधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ जमा हो गई।
दोस्त की पार्टी से चाचा-भतीजे को बचाने पहुंचा था राहुल
जानकारी के अनुसार, पीपरीपुरा निवासी राहुल यादव (30) शनिवार रात अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गया हुआ था। इसी दौरान उसे फोन पर सूचना मिली कि गांव के ही कुछ लोग अपने परिजनों और साथियों के साथ मिलकर उसके चाचा और भतीजे की पिटाई कर रहे हैं। सूचना पर राहुल तुरंत गांव की पानी की टंकी के पास पहुंचा।
बताया जा रहा है कि वहां बहस और विवाद काफी बढ़ गया, जिसके बाद हमलावरों ने तमंचे से राहुल पर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही राहुल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बिजली कटिया विवाद की रंजिश में हत्या का आरोप
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी और सीओ आयुषी सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर पूरी जानकारी ली। परिजनों ने गांव के ही अपने परिवार के लोगों पर पूर्व में हुए बिजली की कटिया विवाद की रंजिश में हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जाएगा।