Farrukhabad: रिश्वत में मांगे सेम के बीज, कमालगंज थाना प्रभारी पर गिरी गाज, जांच के बाद एसपी ने पद से हटाया
Farrukhabad News: रिश्वत में 10 किलो सेम के बीज मांगने और पांच किलो बीज लेने के आरोप में कमालगंज थाना प्रभारी अवध नारायण पांडेय को हटा दिया गया है। एसपी की इस कार्रवाई के बाद इंस्पेक्टर ललित कुमार को थाने की कमान दी गई है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में मारपीट के मामले में कार्रवाई के नाम पर रिश्वत में पांच किलो सेम के बीज लेने का आरोप में घिरे कमालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक हटा दिया गया है। उन्हें आयोग सेल भेजा गया है। पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर को थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
जिले के कादरीगेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला जंगबाज खान निवासी रवि कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह कमालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक पर रिश्वत में दस किलो सेम के बीज मांगने का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना कि उन्होंने मुकदमे में कार्रवाई कराने के लिए पांच किलो सेम के बीज दिए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
गाली-गलौज कर लाठी डंडों से मारपीट की
थाना प्रभारी निरीक्षक पांच किलो सेम के बीच और मांग रहे हैं। 27 फरवरी को मोहल्ला जंगबाज खान निवासी सीता देवी ने शेखपुर निवासी अभिषेक, राज, संजना व संतोषी के खिलाफ दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि उसका पुत्र अनिकेत शेखपुर स्थित ससुराल आया था। वहां उसकी पत्नी से कहासुनी के बाद साले, सास व साली ने अनिकेत के साथ गाली-गलौज कर लाठी डंडों से मारपीट की थी। इससे पुत्र घायल हो गया था।
कमालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक हटे
आरोप में घिरने के बाद मंगलवार को पुलिस ने राज गौतम को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया था। इस बीच रवि कुमार का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने मामले की जांच सीओ अमृतपुर को दे दी थी। एसपी आरती सिंह ने सीओ की जांच के बाद बुधवार रात इंस्पेक्टर अवध नारायण पांडेय से कमालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक के पद से हटाकर आयोग सेल भेज दिया, जबकि पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर ललित कुमार को कमालगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई।