Fatehpur: गानों के चक्कर में खाई में पलटी स्कूली बोलेरो; कई बच्चे घायल और एक छात्रा गंभीर, अस्पताल में भर्ती
Fatehpur News: फतेहपुर में म्यूजिक चिप बदलने के चक्कर में स्कूल बोलेरो खाई में पलटी, जिसमें चार बच्चे घायल हुए और एक छात्रा गंभीर है। परिजनों ने स्कूल संचालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
फतेहपुर जिले के बहुआ कस्बे में संचालित रियल हार्ट स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही बोलेरो गाड़ी शुक्रवार को अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में कई स्कूली बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार रियल हार्ट स्कूल की बोलेरो गाड़ी रोजाना की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही वाहन छीट पुरवा गांव के पास पहुंचा, तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सड़क से लगभग 10 फीट नीचे खाई में जा गिरी। गाड़ी पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।
वाहन अनियंत्रित होकर खाई में पलटा
वाहन में सवार बच्चों ने बताया कि चालक गाड़ी चलाते समय म्यूजिक चिप बदल रहा था और तेज आवाज में भोजपुरी गाने चला रहा था। इसी दौरान उसका ध्यान सड़क से हट गया और वाहन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में कक्षा दो की छात्रा सुरभि, कक्षा एक के अनुराग, कक्षा दो की आराध्या और कक्षा तीन की निहारिका घायल हो गईं।
स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जताई नाराजगी
इनमें निहारिका की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी धर्मेंद्र सिंह कच्छवाह ने तत्परता दिखाते हुए अपने निजी संसाधनों से घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।
जांच के बाद होगी आवश्यक कार्रवाई
परिजनों ने स्कूल संचालक निसार अहमद के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि संबंधित स्कूल को केवल कक्षा पांच तक की मान्यता प्राप्त है, इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी हौसला प्रसाद ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।