Kanpur: पोलिंग बूथ तक मोबाइल ले जा सकेंगे मतदाता; नवदीप रिणवा ने की समीक्षा, बोले- त्रुटिरहित बनेगी वोटर लिस्ट
Kanpur News: यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कानपुर में चुनाव तैयारियों की समीक्षा की( उन्होंने बताया कि 2027 चुनाव में मतदाता बूथ परिसर तक मोबाइल ले जा सकेंगे। 10 अप्रैल को नई वोटर लिस्ट जारी होगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को कानपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस बार मतदाता मतदान केंद्र के परिसर तक मोबाइल ले जा सकेंगे। हालांकि मतदान कक्ष के बाहर मोबाइल जमा कराना होगा। मतदान के दौरान मतदाता पर्ची की भूमिका प्रमुख रहेगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के अद्यतन कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि 10 अप्रैल को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची को अवश्य जांचें, ताकि नाम, पते या अन्य त्रुटियों को समय रहते ठीक कराया जा सके। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर नाम कटने या संशोधन के संबंध में अपेक्षा से कम फॉर्म प्राप्त हुए हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह सामने आई है।
कानपुर नगर में लगभग 36,05,445 मतदाता पंजीकृत हैं
बताया कि महिला मतदाता और युवाओं में नए वोटर बनने को लेकर अपेक्षित उत्साह नहीं दिख रहा है, जिसे बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिले में मतदाता सूची के अद्यतन के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा सत्यापन किया जा रहा है। कानपुर नगर में लगभग 36,05,445 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें करीब 19.28 लाख पुरुष, 16.77 लाख महिलाएं और 200 से अधिक तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। एसआईआर अभियान के तहत अब तक 26,28,422 मतदाताओं के विवरण का सत्यापन किया जा चुका है, जो कुल मतदाताओं का लगभग 74.29 प्रतिशत है।
2027 के विधानसभा चुनाव में अधिकतम मतदान सुनिश्चित हो
शेष मतदाताओं का सत्यापन और मैपिंग कार्य भी तेजी से चल रहा है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया और आपत्तियों के निस्तारण की जानकारी दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवा मतदाताओं के पंजीकरण, महिलाओं की भागीदारी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाए, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में अधिकतम मतदान सुनिश्चित हो सके।