UP: यूपी बोर्ड परीक्षाएं खत्म; परीक्षा छोड़ने में कन्नौज आगे, कानपुर अंतिम स्थान पर, 18 से शुरू होगा मूल्यांकन
Kanpur News: यूपी बोर्ड परीक्षाएं गुरुवार को सकुशल संपन्न हो गईं हैं। कन्नौज में सर्वाधिक 8.84% छात्रों ने परीक्षा छोड़ी, जबकि कानपुर नगर में 5.05 फीसदी परीक्षार्थी शामिल नहीं हुए। 18 मार्च से कॉपियों का मूल्यांकन शुरू होगा।
विस्तार
यूपी बोर्ड में इस बार कन्नौज के छात्र परीक्षा छोड़ने में सबसे आगे रहे। कानपुर नगर छठवें नंबर पर है। हिंदी मुख्य परीक्षा के आधार पर कन्नौज मंडल में सबसे अधिक 8.84 फीसदी छात्र अनुपस्थित रहे, जबकि कानपुर नगर में 5.05 फीसदी परीक्षार्थी शामिल नहीं हुए। इसके अलावा फर्रुखाबाद में 6.01 फीसदी, कानपुर देहात में 6.33 फीसदी, इटावा में 6.36 फीसदी और औरैया में 6.68 फीसदी छात्र अनुपस्थित रहे। 18 मार्च से काॅपियों का मूल्यांकन शुरू हो जाएगा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 18 फरवरी से आयोजित बोर्ड परीक्षाएं गुरुवार को समाप्त हो गईं। अंतिम दिन 10वीं में सुबह की पाली में 125 में 112 विद्यार्थियों ने कृषि विषय की परीक्षा दी, जबकि 12वीं में 1282 में 1231 विद्यार्थियों ने कंप्यूटर विषय की परीक्षा दी। दोपहर की पाली में 12वीं में 533 में 512 विद्यार्थियों ने संस्कृत विषय की परीक्षा दी।
परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से हुई
परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले विद्यार्थियों के चेहरे पर संतोष और खुशी नजर आई। डीआईओएस डॉ. संतोष राय ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं और नगर से कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। इस बार बोर्ड परीक्षा में डिजिटल मॉनिटरिंग और तीन स्तर की निगरानी के कारण नकल मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया गया। लखनऊ और प्रयागराज सहित शहर के सभी केंद्रों में ऑनलाइन निगरानी की गई, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से हुई।
18 से शुरू होगा कापियों का मूल्यांकन
उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होकर एक अप्रैल तक चलेगा। शहर में पांच मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जीआईसी चुन्नीगंज और डीएवी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा, जबकि बीएनएसडी इंटर कॉलेज, एबी विद्यालय और सुभाष स्मारक इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। डीआईओएस कार्यालय ने बताया कि मूल्यांकन के दिशा-निर्देश जल्द जारी कर दिए जाएंगे।
सीबीएसई 10वीं की खत्म हुई परीक्षा
सीबीएसई 10वीं की परीक्षाएं मंगलवार को समाप्त हो चुकी हैं। 12वीं में इंग्लिश इलेक्टिव और इंग्लिश कोर विषय की परीक्षा हुई। आईसीएसई 10वीं में शुक्रवार को बायोलॉजी और आईएससी 12वीं में आर्ट विषय की परीक्षा आयोजित होगी।