सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Hamirpur Accident Uproar Erupts Following Childs Death Three Arrested Case Filed Against 35 Unidentified

Hamirpur Accident: मासूम की मौत के बाद भड़का बवाल, तीन गिरफ्तार और 35 अज्ञात पर केस; अधूरी रहीं शादी की रस्में

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हमीरपुर Published by: Himanshu Awasthi Updated Fri, 15 May 2026 08:46 AM IST
विज्ञापन
सार

Hamirpur News: हमीरपुर में सड़क हादसे में भांजे की मौत से गुस्साए दूल्हे और बरातियों ने थाने में घुसकर पुलिसकर्मी और खलासी को पीटा। पुलिस ने दूल्हे समेत तीन को जेल भेज दिया है और 35 अज्ञात पर केस दर्ज किया है।

Hamirpur Accident Uproar Erupts Following Childs Death Three Arrested Case Filed Against 35 Unidentified
मुस्करा बवाल मामले में गिरफ्तार दूल्हे समेत तीन आरोपी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार

हमीरपुर जिले के मुस्करा कस्बे में बृहस्पतिवार तड़के हुए सड़क हादसे के बाद सड़क जाम, थाना परिसर में हंगामा और मारपीट के मामले में पुलिस ने दूल्हे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं। इनमें 35 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। सोशल मीडिया पर लॉकअप में घुसकर खलासी से मारपीट और थाना परिसर में पुलिसकर्मी को पीटने के वीडियो वायरल होने के बाद मामला और चर्चाओं में आ गया है।

Trending Videos

गौरतलब है कि बृहस्पतिवार तड़के करीब तीन बजे जालौन जिले के उरई निवासी राजकुमार अपने नौ वर्षीय बेटे अनिकेत के साथ मुस्करा कस्बे में आयोजित शादी समारोह में शामिल थे। अनिकेत अपने मामा दीपक की शादी में आया था। शादी समारोह राठ रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में चल रहा था। बताया गया कि जयमाला कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार वापस लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में बैठते समय तेज रफ्तार ट्रक ने अनिकेत को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

मुख्य चौराहे पर बच्चे का शव रखकर जाम लगाया
घटना के बाद गुस्साए बराती और परिजन ट्रक के पीछे दौड़ और ट्रक को मुस्करा सीएचसी के पास पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया, जबकि खलासी लोगों के हत्थे चढ़ गया। आरोप है कि लोगों ने चालक समझकर खलासी की पिटाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने मुस्करा कस्बे के मुख्य चौराहे पर बच्चे का शव रखकर जाम लगा दिया। सुबह करीब तीन बजे से छह बजे तक राठ-हमीरपुर मार्ग, मुस्करा-चरखारी-महोबा मार्ग और अन्य संपर्क मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।

क्षेत्राधिकारी और एसडीएम ने किसी तरह जाम खुलवाया
दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मृतक की मां बेटे का शव गोद में लेकर सड़क पर बैठ गई। महिलाओं ने सड़क पर हंगामा किया और पुलिस से नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह और एसडीएम ने लोगों को समझाकर किसी तरह जाम खुलवाया। इसके बाद कुछ लोग थाना मुस्करा परिसर तक पहुंच गए। वायरल वीडियो में युवक लाठी-डंडे लेकर थाना परिसर में घुसते दिखाई दे रहे हैं। कुछ वीडियो में लोग लॉकअप और कंप्यूटर कक्ष तक पहुंचकर हिरासत में बंद खलासी के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

पुलिस ने तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कीं
वहीं, दूसरे वायरल वीडियो में महिला समेत कई लोग थाना परिसर के अंदर एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी को पकड़कर खींचते हुए पीटा जा रहा है। एक अन्य वीडियो में महिला द्वारा सिपाही की कॉलर पकड़कर मारपीट करने का दृश्य भी सामने आया है। घटना के दौरान थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के बाद पुलिस ने तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कीं। उपनिरीक्षक स्वदेश कुमार की तहरीर पर सड़क जाम और यातायात बाधित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया।

30-35 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया
इसमें दीपक, विक्रम, विनोद और 30-35 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 191(2), 189 (2) और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा 8बी लगाई है। मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार की तहरीर पर थाना परिसर में घुसकर अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें दीपक कुमार, प्रदीप, दीपक, विनोद, विक्रम, कुछ अज्ञात महिलाओं और 14 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इस प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 191(2), 132, 121(1), 333, 115(2), 352, 351(3) और 191(3) लगाई गई हैं।

तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा
इसके अलावा आशीष कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें आरोप लगाया गया कि वीडियो बनाने के दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा मोबाइल फोन जमीन पर पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में दीपक पुत्र सुभाष और तीन अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपक पुत्र सुभाष, विनोद कुमार पुत्र रमाशंकर और विक्रम पुत्र रामनारायण को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

फरार चालक की तलाश में जुटी टीमें
स्थानीय लोगों के मुताबिक गिरफ्तार दीपक वही दूल्हा है, जिसकी शादी समारोह के दौरान यह हादसा हुआ था। दूल्हे की गिरफ्तारी के बाद शादी की कई रस्में अधूरी रह गईं। परिवार अब कुछ दिन बाद बाकी रस्में पूरी कराने की तैयारी कर रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले में अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश और विवेचना जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed