UP: हरदोई में CBI का बड़ा एक्शन; 45000 घूस लेते बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गिरफ्तार; बैंक मैनेजर की तलाश जारी
Hardoi News: सीबीआई ने हरदोई में 45 हजार रिश्वत लेते बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में लोन के बदले घूस मांगी थी।
विस्तार
हरदोई जिले में सीबीआई की एसीबी शाखा ने 45000 रुपए घूस लेने के आरोप में बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की कछौना शाखा के प्रबंधक की भी तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में लोन स्वीकृत कराने के नाम पर घूस मांगी गई थी। गिरफ्तार किए गए बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बैंक ऑफ बड़ौदा के रिकवरी एजेंट भी हैं।
कछौना के रेलवेगंज निवासी सुरेश चौधरी बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हैं।वह बैंक ऑफ बड़ौदा के रिकवरी एजेंट भी हैं। कछौना निवासी सीमा देवी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत आवेदन किया था। उनका आवेदन स्वीकृत हो गया था और लोन देने के लिए पत्रावली बैंक ऑफ बड़ौदा की कछौना शाखा में भेजी गई थी। योजना के तहत पांच लाख रुपये का ऋण स्वीकृत होना था।
शाखा प्रबंधक की भी तलाश
सीमा देवी ने सीबीआई में गोपनीय शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि बैंक के प्रबंधक ने सुरेश चौधरी के माध्यम से उक्त योजना का लाभ देने के लिए पर 45000 रुपये की मांग की। इस पर सीबीआई ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया और मंगलवार को सुरेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक की तलाश भी की जा रही है।
वीडियो में कुछ और बता रहे पूर्व सभासद
इस सबके बीच नगर पंचायत के पूर्व सभासद रंजीत राय गौतम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो के मुताबिक वह बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी के साथ सेक्टर समीक्षा बैठक कर रहे थे। इसी दौरान एक कर से आए लोग उन्हें और सुरेश चौधरी को उठा ले गए।इसके बाद बालामऊ जंक्शन पर पूछताछ की उन्होंने बताया कि बैंक के फ्रॉड का कोई मामला है।