UP: जयप्रकाश का बड़ा बयान; बोले- नरेश-नितिन से कोई मतभेद नहीं, बीच के लोग पैदा करते हैं गलतफहमियां, कही ये बात
Hardoi News: हरदोई में सांसद जय प्रकाश और आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के बीच दो साल पुराना विवाद खत्म हो गया है। सांसद ने मंत्री के बयान की सराहना करते हुए इसे 'बड़प्पन' बताया।
विस्तार
हरदोई जिले में पूर्व सांसद भाजपा नेता नरेश अग्रवाल और उनके बेटे आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के बयान पर सांसद जय प्रकाश ने सकारात्मक लेकिन सधी हुई प्रतिक्रिया दी है। जय प्रकाश ने मतभेद की बात से इनकार करते हुए कहा कि बीच के कुछ लोग गलतफहमी पैदा कर देते हैं। कहा कि हम सबका लक्ष्य अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जिले की आठों सीटें जिताना है।
सदर सांसद जय प्रकाश और आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के बीच पिछले लगभग दो साल से गतिरोध चल रहा था। गतिरोध का आलम यह था कि दोनों दिग्गज सार्वजनिक मंचों से भी एक दूसरे का नाम लिए बिना निशाना साध लेते थे। लोकसभा चुनाव के बाद अगर मुख्यमंत्री योगी आ दित्यनाथ का मंच छोड़ दें तो आबकारी मंत्री और सांसद एक मंच पर भी नजर नहीं आए।
माफी मांगने में संकोच न होने की बात कही
शनिवार रात अचानक पूरा राजनीतिक परिदृश्य बदल गया। पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने शहर के श्रीशचद्र अग्रवाल बारातघर में आयोजित होली मिलन समारोह में सांसद जय प्रकाश पर अपना हक जताते हुए साथ रहने की अपील कर दी थी। इसके बाद पत्रकार वार्ता में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने सदर सांसद जय प्रकाश को उम्र और अनुभव में बड़ा बताते हुए गलती होने पर माफी मांगने में संकोच न होने की बात कही थी।
कभी-कभी हो जाती हैं ऐसी बातें
रविवार को हरदोई आए सांसद जय प्रकाश ने पूरे मुद्दे पर सधी हुई प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आबकारी मंत्री और पूर्व सांसद का बयान पढ़ा व सुना है। उन्होंने कहा कि मेरी तरफ से कोई गुटबाजी नहीं की गई। दावा किया कि 35 साल के राजनीतिक जीवन में न तो कभी विरोध की राजनीति की और न ही विश्वासघात किया। कहा कि राजनीतिक लोगों के बीच कभी-कभी ऐसी बातें हो जाती हैं।
सांसद ने कहा- नितिन अग्रवाल का बड़प्पन
इनसे मनभेद और मतभेद हो जाता है। इसे सही समय पर दूर करना उचित होता है। हालांकि सांसद ने यह भी कहा कि कोई मतभेद था ही नहीं। कुछ लोग बीच में आकर गलत फहमियां पैदा करते हैं। आबकारी मंत्री के बयान पर सांसद ने कहा कि नितिन अग्रवाल का बड़प्पन है। उनका बयान अच्छी बात है और मुझे भी इससे खुशी हुई है।