Hardoi: महुआकोला में प्रतिमा स्थापना पर बवाल, पुलिस पर पथराव में महिला सिपाही समेत दो घायल, सात हिरासत में
Hardoi News: महुआकोला गांव में निजी मंदिर में महात्मा बुद्ध की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद हुआ। प्रशासन द्वारा समझाने पर भड़के लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरदोई जिले में बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के महुआकोला गांव में बिना अनुमति महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर विवाद हो गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिमा रखने वालों को समझने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
पुलिस ने सख्ती करने की कोशिश की, तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। प्रतिमा हटवा कर बेनीगंज कोतवाली में रखवा दी गई है ।घटना में महिला सिपाही समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
मंदिर में कोई मूर्ति स्थापित नहीं थी
सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। महुआकोला निवासी पुत्तीलाल मौर्य ने कुछ वर्ष पहले निजी भूमि पर मंदिर बनवाया था। इस मंदिर में कोई मूर्ति स्थापित नहीं थी। बुधवार को यहां महात्मा बुद्ध की मूर्ति स्थापित कर दी गई। दिन में लगभग 11 बजे कुछ ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
देर रात तक मामला सुलझाने का सिलसिला चलता रहा
इस पर संडीला की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया और सीओ हरियावां अजीत चौहान गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बात की। बिना अनुमति प्रतिमा लगाए जाने को गलत बताते हुए लोगों को समझाया और प्रतिमा हटाने को कहा। देर रात तक मामला सुलझाने का सिलसिला चलता रहा।
भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया
इसी बीच कुछ बाहरी लोग गांव पहुंच गए और प्रतिमा स्थापित करने वाले लोगों को भड़का दिया। रात लगभग 12 बजे भीड़ ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भी सख्ती दिखाते हुए मौके से सात लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया।
मामूली रूप से चोटिल हुए हैं सिपाही
महात्मा बुद्ध की प्रतिमा को भी वहां से हटवा कर कोतवाली में रखवा दिया गया है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि पथराव में महिला सिपाही भावना और सिपाही अतुल मामूली रूप से चोटिल हुए हैं।