Indian Bank Fraud: कैशियर और सफाईकर्मी ने दूसरे के खाते से निकाले 37 लाख, विजिलेंस जांच में हुआ खुलासा
भरुआसुमेरपुर कस्बे के इंडियन बैंक की शाखा में कैशियर और सफाईकर्मी द्वारा ग्राहक के खाते से 37 लाख के गबन का मामला उजागर हुआ है। विजिलेंस टीम की जांच में 24 लाख निकासी का खुलासा हुआ है। मामले में कैशियर को निलंबित कर दिया गया है और सफाईकर्मी फरार है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमीरपुर जिले में भरुआसुमेरपुर कस्बे के इंडियन बैंक का सफाई कर्मी कैशियर की मिलीभगत से एक खाताधारक के खाते से 37 लाख से अधिक की धनराशि निकालकर फरार हो गया। मामला संज्ञान में आने के बाद कैशियर को निलंबित कर दिया गया है। सफाईकर्मी के गायब होने पर नोटिस जारी किया गया है।
खाताधारक ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए बैंक मैनेजर, कैशियर व सफाई कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की मांग की है। कस्बे के उंछाथोक निवासी अमर सिंह ने पुलिस अधीक्षक शुभम पटेल को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसका पत्नी साध्वी सिंह के साथ कस्बे की इंडियन बैंक शाखा में संयुक्त खाता है।
गत मई माह में जब वह बैंक में रुपये निकालने गया तो पता चला कि उसके खाते से रकम नदारद है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बैंक के शाखा प्रबंधक ने बैंक कर्मियों से मिलीभगत करके चेकों में फर्जी हस्ताक्षर बनवाकर उसके खाते से 37 लाख 10 हजार रुपये का भुगतान करा लिया है।
मामले का खुलासा होते ही सफाईकर्मी भूमिगत हो गया है। खाते से रकम गायब होने की बात सामने आने पर बैंक मैनेजर अनिल कुमार वर्मा ने खाते की जांच पड़ताल कराई। इसमें खाते से साढ़े उन्नीस लाख की निकासी को स्वीकार किया है। पीड़ित ने बताया कि शाखा प्रबंधक ने मनोज निगम के खाते से दो लाख रुपए जमा कराएं है।
इससे साबित होता है कि शाखा प्रंबधक भी मामले में संलिप्त है। मामला उजागर होने पर मंडलीय शाखा व विजीलेंस टीम से जांच कराई गई। जिस पर धोखाधड़ी साबित होने पर कैशियर नागेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं सफाईकर्मी शिवम सविता गायब है।
खाताधारक ने पुलिस अधीक्षक से जांच के बाद बैंक मैनेजर, सफाई कर्मी व कैशियर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने व उसकी जमा पूंजी वापस दिलाए जाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी है।
इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि खाताधारक ने जून माह में उनसे शिकायत की थी। उस समय फौरी तौर पर साढ़े उन्नीस लाख की निकासी पकड़ में आई थी। तकरीबन साढ़े चौबीस लाख की निकासी की बात सामने आई है। विजिलेंस टीम की जांच जारी है। इस प्रकरण में उनकी किसी तरह के संलिप्तता नहीं है।