Kannauj Accident: वाहन की टक्कर से युवक की मौत, बहन की शादी से पहले घर में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस
Kannauj News: छिबरामऊ में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। बहन की 18 नवंबर को होने वाली शादी से पहले हुई इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में कमालपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
फर्रुखाबाद जनपद के थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव महरूपुर खास निवासी अरुण राठौर (20) पुत्र स्वर्गीय रघुराज राठौर दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्य करता था। परिजनों के अनुसार वह बुधवार रात करीब 10 बजे दिल्ली से अपने घर आया था। गुरुवार सुबह वह अपने बड़े भाई गोविंद की ससुराल ग्राम कुशलपुरवा (तालग्राम) में भाभी सुनीता और बच्चों से मिलने बाइक से जा रहा था।
अज्ञात चार पहिया वाहन ने मारी टक्कर
बताया गया कि कमालपुर रोड पर हनुमान मंदिर के सामने पहुंचते ही किसी अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे 108 एंबुलेंस से सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अरुण अविवाहित था और तीन भाइयों तथा दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। परिवार में बड़े भाई गोविंद, छोटे भाई गौतम, बहन जानकी और डोली हैं। उसकी मां निर्मला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि करीब 20 वर्ष पूर्व अरुण के पिता रघुराज राठौर की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पिता के बाद अब जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
परिजनों ने बताया कि अरुण की बहन जानकी की शादी आगामी 18 नवंबर को राजस्थान के भरतपुर जनपद के बिर्दनगर कस्बे में तय है। शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उससे पहले ही परिवार पर यह दुखद वज्रपात हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव और रिश्तेदारी में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।