Kannauj: वेतन न मिलने पर फूटा गुस्सा, धरने पर बैठे संविदा बिजली कर्मी, बोले- भुखमरी की कगार पर है परिवार
Kannauj News: छिबरामऊ में वेतन न मिलने से नाराज 72 संविदा बिजली कर्मियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। कर्मियों का कहना है कि 28 तारीख होने के बावजूद मानदेय नहीं मिला है, जिससे परिवार भुखमरी की कगार पर हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में संविदा बिजली कर्मियों ने वेतन भुगतान न होने से नाराज होकर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को निविदा संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले दर्जनों कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनके बैंक खातों में वेतन नहीं आ जाता, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।
सात तारीख तक भुगतान का वादा, 28 तक खाली हाथ
जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार राजपूत के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने बताया कि अनुबंध के अनुसार प्रत्येक माह की सात तारीख तक वेतन का भुगतान हो जाना चाहिए, लेकिन आज 28 अप्रैल हो गई है और अभी तक किसी भी कर्मचारी को मानदेय नहीं मिला है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है।
भुखमरी की कगार पर परिवार
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने बिजली विभाग और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अभिषेक कुमार ने बताया, "हम सभी संविदा बिजली कर्मी दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन समय पर वेतन न मिलने से हमारे परिवार दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं। कई बार गुहार लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, इसलिए अब हमने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है।
70 से अधिक कर्मचारी आंदोलन में शामिल
सोशल मीडिया पर वायरल हुई सूची और मौके पर मौजूद भीड़ के अनुसार, इस आंदोलन में करीब 72 कर्मचारी शामिल हैं। इनमें लाइनमैन, हेल्पर और एसएसओ स्तर के कर्मचारी मुख्य रूप से शामिल हैं। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक वेतन का पूर्ण भुगतान नहीं होगा, धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

कमेंट
कमेंट X