कानपुर हादसा: नशे में ड्राइवर ने दाैड़ाई बस, ट्रक से भिड़कर खाई में पलटी, दूल्हे की मौसी का हाथ कटा, 13 घायल
Kanpur News: बिधनू में बरातियों से विवाद के बाद नशे में धुत चालक ने बस ट्रक से भिड़ा दी, जिससे 13 लोग घायल हो गए। हादसे में दूल्हे की मौसी का हाथ कट गया और आठ लोगों की हालत नाजुक है।
विस्तार
कानपुर में बरातियों से विवाद के बाद रविवार रात लाैटते समय नशे में ड्राइवर ने बस तेज रफ्तार में दाैड़ा दी। इससे कानपुर-सागर हाईवे पर शंभुआ रेलवे ओवरब्रिज के पास बरातियों से भरी बस सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रहा गिट्टी लदा डंपर भी बस में पीछे से जा घुसा। इससे अनियंत्रित होकर बस और डंपर हाईवे किनारे खाई में पलट गए। हादसे में करीब 13 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची बिधनू और सेन पश्चिम पारा पुलिस ने घायलों को बिधनू सीएचसी पंहुचाया। वहां से आठ लोगों को हैलट रेफर कर दिया गया।
बिधनू पुलिस के अनुसार, नवाबगंज के पत्थर कॉलेज सैय्यद बाबा मजार निवासी पीर अली के बेटे मो. यूनुस की बरात रविवार को घाटमपुर स्थित एक गेस्ट हाउस गई थी। देर रात करीब 55 बराती एक निजी कॉलेज की बस से वापस आ रहे थे। बरातियों का किसी बात को लेकर बस चालक से कहासुनी हो गई थी। वहां जाकर बस चालक ने शराब पी। इस पर बरातियों ने बस लेकर जाने से मना किया था लेकिन चालक बस लेकर जाने लगा। इसपर बराती बैठ गए। चालक बस को तेज रफ्तार भगा रहा था।
दूल्हे की मौसी का दाहिना हाथ कट गया
लोगों ने उसे मना किया, लेकिन उसने रफ्तार कम नहीं की। रात 12:30 बजे के करीब शंभुआ रेलवे ओवरब्रिज के पास ओवरटेक के चक्कर में बस की हमीरपुर की ओर जा रहे ट्रक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में नौबस्ता की ओर जा रहा गिट्टी लदा डंपर बस के पीछे घुस गया। बस और डंपर दोनों ही अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में पलट गए। इसमें करीब 13 लोग घायल हो गए। हादसे में दूल्हे यूनुस की मौसी अफसाना का दाहिना हाथ कट गया।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज होगी
राहगीरों की सूचना पर पहुंची बिधनू और सेनपश्चिम पारा थाना पुलिस ने बस में फंसे बरातियों और डंपर चालक को बाहर निकालकर बिधनू सीएचसी पहुंचाया। वहां से डॉक्टर ने गंभीर हालत देख आठ लोगों को हैलट रेफर कर दिया। मामूली चुटहिल सीएचसी में बिना इलाज के ही चले गए। बिधनू थानाप्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि बस चालक नशे की हालत में था। ओवरटेक में हादसा हुआ है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में ये लोग हुए घायल
अफसाना (42) इनकी बेटी अलीशा (16), विनायकपुर निवासी बस चालक कमल सिंह (40), नवाबगंज निवासी पीर अली (55), लालपुर निवासी तीन वर्षीय अपहान, जालौन के काेंच निवासी नफीस (33) उनकी पत्नी शबाना (30) और बेटा अरशद (12), कौशांबी निवासी डंपर चालक दीपू यादव (30), पड़री लालपुर निवासी शाहीन (35) और इटावा निवासी जावेद (38), भोलाशंकर और अशोक समेत अन्य बाराती घायल हो गए। इसमें अफसाना, अलीशा, शाहीन, जावेद, कमल, दीपू, भोलाशंकर और अशोक की नाजुक हालत देख हैलट रेफर किया गया।