राष्ट्रप्रेम में रंगा कानपुर: सरसैया घाट से निकली तिरंगा यात्रा, ग्रीनपार्क में हुआ राष्ट्रगान, देखें तस्वीरें
Kanpur News: हर घर तिरंगा अभियान के तहत कानपुर में सरसैया घाट से ग्रीन पार्क स्टेडियम तक एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्रों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्रप्रेम व एकता का संदेश दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सरसैया घाट से ग्रीन पार्क स्टेडियम तक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, विधायक नीलिमा कटियार, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों एवं हाथों में लहराते राष्ट्रध्वज के साथ पूरा मार्ग राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को और अधिक मजबूत करना रहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरसैया घाट कानपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है।
दायित्व और गौरव से जोड़ता है राष्ट्रीय ध्वज
ऐसे ऐतिहासिक स्थल से ग्रीन पार्क तक तिरंगा यात्रा का आयोजन नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि हमारे गौरव, स्वाभिमान, एकता और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। हर घर और हर प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने का अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व और गौरव से जोड़ता है।
एनसीसी बैंड ने देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत कीं
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। तिरंगा यात्रा में एनसीसी बैंड द्वारा देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत की गईं। एनसीसी बैंड की धुनों और राष्ट्रभक्ति के नारों के बीच तिरंगा यात्रा ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंची।
राष्ट्र गौरव की भावना को और प्रबल करने का संदेश
यहां सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन एवं राष्ट्रगान किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन ने राष्ट्रगान के सम्मान में एकजुट होकर सहभागिता की। भव्य तिरंगा यात्रा ने शहरवासियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्र गौरव की भावना को और प्रबल करने का संदेश दिया।