Kanpur: शादी के लिए रखे 20 लाख के गहने ले उड़े चोर, दीवार तोड़कर वारदात; सोते रह गए घरवाले, अपनों पर शक
Kanpur News: गुजैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर गांव में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर घर की दीवार काटकर अंदर घुस गए और करीब 20 लाख रुपये के जेवरात तथा 70 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुजैनी थाना क्षेत्र स्थित फतेहपुर गांव में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने एक घर की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 70 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस वक्त चोर घर खंगाल रहे थे, पूरा परिवार अंदर सोता रहा और किसी को कानो-कान खबर तक नहीं हुई।
दीवार काटकर बनाया रास्ता, फिर अंदर से बंद किया दरवाजा
वारदात देर रात की है। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने घर के मुख्य गेट के पास बनी दीवार को काटकर अंदर घुसने का रास्ता बनाया। शातिर चोरों ने यह सुनिश्चित किया कि बाहर सो रहे किसी सदस्य को भनक न लगे, इसके लिए उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे को अंदर से लॉक कर दिया। अंदर घुसने के बाद चोरों ने कमरों को खंगाला और वहां रखे कीमती जेवरात व 70 हजार रुपये नकद समेट लिए। बताया जा रहा है कि घर में एक रिश्तेदार की शादी के कारण काफी जेवर रखे हुए थे, जिन्हें चोर आसानी से ले जाने में कामयाब रहे।
सुबह जब खुली आंख तो उड़ गए होश
घटना का पता शुक्रवार सुबह चला जब परिवार के सदस्य सोकर उठे। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण परिजन बाहर नहीं निकल पा रहे थे। इसके बाद पड़ोसियों की मदद ली गई। छत पर सो रहे संजय सिंह जब नीचे आए और दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। अलमारियों का ताला टूटा था, सामान पूरे कमरे में बिखरा पड़ा था और गहनों के डिब्बे खाली थे।
पीड़ित परिवार और शादी की तैयारी
घर के सदस्य सज्जन सिंह टोल प्लाजा पर एक्सीडेंटल सहायता का कार्य करते हैं। घर में उनकी पत्नी पुष्पा, बेटी मीनाक्षी और अन्य सदस्य मौजूद थे। परिजनों ने बताया कि हाल ही में रिश्तेदार शिल्पी सिंह की शादी के चलते घर में भारी मात्रा में जेवर इकट्ठा किए गए थे। चोरों ने ठीक उसी जगह को निशाना बनाया जहां ये जेवर रखे थे।
किसी करीबी पर शक: पुलिस की जांच तेज
जिस सफाई से चोरों ने दीवार काटी और सीधे जेवरों तक पहुंचे, उससे पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात में किसी 'भेदी' का हाथ हो सकता है। पुलिस को शक है कि कोई ऐसा व्यक्ति इस चोरी में शामिल है जिसे घर की बनावट और सामान रखे जाने वाली जगह की पूरी जानकारी थी। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
होटल में भी चोरी की कोशिश
चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि इस घर में हाथ साफ करने के बाद उन्होंने पास के ही एक होटल को भी निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, वहां होटल मालिक की आंख खुल जाने के कारण चोरों को भागना पड़ा। इस घटना के बाद से गांव के लोगों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।