Kanpur: आधी रात जेसीबी लेकर पहुंचे दबंग, निर्माणाधीन मकान और बाउंड्रीवॉल को ढहाया, ACP ने दिए जांच के आदेश
Kanpur News: घाटमपुर में तहसील और कोर्ट के आदेश के बावजूद 10-15 दबंगों ने रात में जेसीबी ले जाकर निर्माणाधीन मकान को ढहा दिया। एसीपी कृष्णकांत ने रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में घाटमपुर थाना क्षेत्र के ललईपुर गांव में कोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए गुरुवार की रात निर्माणाधीन भवन में बुलडोजर चला दिया। पहले पैतृक भूमि को दबंगों ने खुद की बताकर कब्जा करना चाहा। जब तहसील की रिपोर्ट पर कोर्ट ने भूमि स्वामी को निर्माण कराने के आदेश दिए, तो गुरुवार की रात जेसीबी लेकर चार पहिया गाड़ियों से पहुंचे 10 से 15 लोगों ने बाउंड्री व निर्माण ढहा दिया और फरार हो गए।
पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। पीड़ित का कहना है कि मामले में दूसरे पक्ष के लोगों पर एक राजनीतिज्ञ का हाथ होने से सही होने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। ललईपुर निवासी संदीप निगम उर्फ मोनू ने की गई शिकायत में बताया कि गांव में हाइवे किनारे गाटा नंबर 700 क में उसकी पैतृक भूमि है। वहीं गांव के ही एक व्यक्ति की भूमि गाटा नंबर 704 में है।
कई वर्षों से बाउंड्री और गेट लगा हुआ है
कुछ लोग उनकी गाटा नंबर 700 क की भूमि को 704 बताकर उस पर कब्जा करना चाहते हैं, जबकि पैतृक भूमि पर कई वर्षों से बाउंड्री और गेट लगा हुआ है। पतहसील प्रशासन की जांच में भी उक्त भूमि उन्हीं की निकली है, जबकि दूसरे पक्ष की भूमि कुछ आगे निकली है। इसके बावजूद दूसरा पक्ष जब ज्यादा दबाव बनाने लगा तो पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने भी तहसील की रिपोर्ट को देखते हुए उक्त भूमि पर निर्माण कराने का आदेश दे दिया।
बाउंड्री तोड़ी और निर्माण ढहाकर फरार
आरोप है कि गुरुवार की रात दो चार पहिया वाहनों के साथ जेसीबी लेकर पहुंचे 10 से 15 लोगों ने पहले बाउंड्री तोड़ी और फिर कराया गया निर्माण भी ढहाकर फरार हो गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से भी लिखित शिकायत की है। एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि ऐसा है, तो तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।