कानपुर साइबर कांड: ठगी के साथ शराब-कबाब का शौक, खंडहर बनी झोपड़ी में चलता था काला खेल, मिले चौंकाने वाले सबूत
Kanpur News: रेउना पुलिस ने लाले बाबा मंदिर के पास सर्च ऑपरेशन चलाकर साइबर ठगों के अड्डे का मुआयना किया। वहां शराब की बोतलें और चूल्हे की राख मिलने से स्पष्ट हुआ कि आरोपी वहां छिपकर अय्याशी और ठगी करते थे।
विस्तार
कानपुर में घाटमपुर के रेउना थाना क्षेत्र में जिस लाले बाबा मंदिर के पास से 20 साइबर ठगों को दबोचा गया था। वहां शुक्रवार को थाना प्रभारी अनुज राजपूत के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस को शक था कि कहीं किसी आरोपी ने मोबाइल आदि झाड़ियों में तो नहीं फेंक दिया था।
हालांकि, इस दौरान आरोपियों द्वारा अय्याशी के सबूत मिले। झोपडी में चूल्हा और आसपास देशी शराब के पाउच आदि मिले। दोपहर में पहुंची पुलिस ने लाले बाबा मंदिर के पास का सारा इलाका छान मारा। एक एक झाड़ी में झांक-झांककर संदिग्ध चीज की तलाश की।
जूठे पत्तल, पानी की बोतलें व शराब के पाउच पड़े मिले
उसी जगह बनी बिना छत कच्ची दीवारों की बनी खंडहर नुमा झोपड़ी को देखा। झोपडी में चूल्हे के अंदर राख पड़ी हुई मिली। वहीं पास में ही जूठे पत्तल, पानी की बोतलें व शराब के पाउच भी पड़े मिले। इससे यह बात तो स्पष्ट होती है कि आरोपी वहां से अपना ठगी का कारोबार तो चला ही रहे थे। साथ ही, अय्याशी भी करते थे।
आसपास हर संभावित जगह पर सर्च किया
थाना प्रभारी ने बताया कि जिस जगह आरोपियों को पकड़ा गया था, उसके आसपास हर संभावित जगह पर सर्च किया गया है कि पकड़े जाते समय किसी आरोपी ने अपना मोबाइल या सिम आदि तो नहीं फेंका है। उन्होंने बताया कि मौके पर शराब की कैन व झूठे पत्तल आदि पड़े मिले हैं।