Kanpur: डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर में लग रही डिवाइस, रुकेगी चोरी और फॉल्ट पर बजेगा अलार्म, ये होंगे फायदे
Kanpur News: केस्को 234 करोड़ की लागत से कानपुर के सभी ट्रांसफॉर्मरों में सेंसर लगाने जा रहा है। इससे बिजली चोरी रुकेगी और किसी भी तकनीकी खराबी की सूचना रियल टाइम में कंट्रोल रूम को मिल जाएगी।
विस्तार
कानपुर में केस्को स्काडा के तहत अपने सभी सब स्टेशनों का आधुनिकीकरण करा रहा है। अब इसमें एक प्रोजेक्ट और जोड़ा गया है। इसके तहत केस्को के सभी डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर (चार सौ और ढाई सौ केवीए) में सेंसर लगाए जाएंगे। इनके जरिए विकासनगर स्थित स्काडा के कंट्राेल रूम सेंटर से रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
ट्रांसफॉर्मर से जुड़े हर उपभोक्ता की जानकारी, उनकी बिजली खपत, लाइन लॉस की जानकारी भी कंट्रोल रूम को मिल सकेगी। आपके घर में लगे मीटर में उपयोग हुई बिजली से इसकी तुलना की जाएगी। इससे बिजली चोरी का पता चल जाएगा। अगले साल तक पूरे यूपी में कानपुर पहला परिक्षेत्र होगा जहां सबसे पहले स्मार्ट बिजली व्यवस्था लागू होगी।
सेंसर की मदद से कंट्रोल रूम में तुरंत अलार्म बजेगा
सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डाटा एक्सीलेशन (स्काडा) के तहत डिस्ट्रीब्यूटर ट्रांसफॉर्मर में डिवाइस लगाई जा रही हैं। अगर ट्रांसफॉर्मर में तेल कम हुआ या गर्मी की वजह से हीट हुआ] तो इस सेंसर की मदद से कंट्रोल रूम में तुरंत अलार्म बजेगा। पता चल जाएगा कि कहां के किस ट्रांसफॉर्मर में खराबी है और टीम भेजकर उस कमी को दुरुस्त करा दिया जाएगा।
अप्रैल 2027 तक पूरा होना है कार्य
बता दें कि शहर में केस्को के 98 सबस्टेशन हैं। इनमें से 14 को अक्तूबर 2023 में ही स्काडा के तहत अपग्रेड किया जा चुका है। बाकी के लिए जुलाई 2025 में प्रोजेक्ट बना। इसके लिए तमिलनाडु की कंपनी मेगा बिन स्विच गेयर प्राइवेट लिमिटेड को काम दिया गया। यह कार्य अप्रैल 2027 तक पूरा होना है, जिस पर 234 करोड़ खर्च होंगे।
ये होंगे फायदे
- यह पूरा सिस्टम रिमोट आधारित होगा। फॉल्ट होने पर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित नहीं करनी पड़ेगी। सिर्फ जहां फॉल्ट होगा वहीं की आपूर्ति प्रभावित कर काम किया जाएगा।
- सभी सब स्टेशनों पर लगे सिस्टम का डाटा कंट्रोल रूम में बैठी टीम देख सकेगी और 24 घंटे इसकी रियल टाइम मॉनिटरिंग हो सकेगी। फॉल्ट कम होंगे जिससे उपभोक्ता को राहत मिलेगी।
तय समय सीमा में स्काडा के तहत चल रहे कार्य कर लिए जाएंगे। इससे कानपुर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था स्मार्ट होगी और उपभोक्ताओं को भी सुविधा मिलेगी। -राहुल सिंह, अधिशासी अभियंता, स्काडा