Kanpur Accident: खड़े ट्रक से टकराया ई-ऑटो, हाईवे पर अवैध पार्किंग बनी वजह, 24 घंटे में दूसरा हादसा, चालक घायल
Kanpur News: महाराजपुर के रहनस मोड़ पर मंगलवार को एक इलेक्ट्रिक ऑटो खड़े ट्रक में जा घुसा, जिससे चालक रामसुमेर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा हाईवे पर हो रही अवैध पार्किंग के कारण हुआ, जो बीते दिन हुई तीन मौतों के बावजूद भी जारी है। प्रशासन की अनदेखी के चलते यहाँ रोजाना दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के रहनस मोड़ के पास मंगलवार को एक बार फिर नेशनल हाईवे पर अवैध पार्किंग जानलेवा साबित हुई। धान की बेड लादकर इलेक्ट्रिक ऑटो से बैजूपुरवा से फतेहपुर की ओर जा रहे चालक को तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित ऑटो हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा।
हादसे में ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक रामसुमेर निवासी बैजूपुरवा करीब एक घंटे तक उसी में फंसा रहा। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने गेट काटकर उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। हादसे के करीब एक घंटे बाद सूचना पर 112 पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची। सबसे गंभीर बात यह रही कि टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
चालक भी ट्रक लेकर फरार
वहीं, जिस ट्रक में ऑटो घुसा था, उसका चालक भी ट्रक लेकर फरार हो गया। अब तक ऑटो चालक को बाहर निकालने का प्रयास जारी है। यह घटना बीते दिन हुए भीषण हादसे की याद दिलाती है, जब महाराजपुर में हाईवे किनारे खड़े ट्रक से स्कॉर्पियो टकरा गई थी और उसमें तीन लोगों की जान चली गई थी। इसके बावजूद एनएचएआई और पुलिस की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही।
अवैध पार्किंग के कारण रोजाना हादसे हो रहे हैं
चकेरी से पुरवामीर तक हाईवे किनारे होटलों के बाहर रातभर भारी वाहन खड़े रहते हैं। पेट्रोलिंग टीम के जाने के बाद फिर से यही सिलसिला शुरू हो जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे किनारे अवैध पार्किंग पर रोक न लगने के कारण रोजाना हादसे हो रहे हैं। सोमवार को तीन लोगों की मौत के बाद भी जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।