Kanpur: कारोबारियों से हड़पा सोना आईपीएल सट्टे में हारा, दो साल बाद इनामिया आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे दबोचा
Kanpur News: बिरहाना रोड से डेढ़ करोड़ का सोना लेकर भागे कारीगर मानस हेत को पुलिस ने दो साल बाद गिरफ्तार किया। आरोपी ने कबूला कि उसने पूरा सोना आईपीएल सट्टे में गंवा दिया है।
विस्तार
कानपुर में बिरहाना रोड से दो सराफा कारोबारियों का डेढ़ करोड़ का सोना लेकर रफूचक्कर हुए पश्चिम बंगाल, मैदनीपुर के सागरपुर निवासी सराफा कारीगर 10 हजार के इनामिया मानस हेत को फीलखाना पुलिस ने दो साल बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि आईपीएल के सट्टे में पूरा सोना हार गया था। पुलिस ने उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया।
सिविल लाइंस की फ्रेंड्स एन्क्लेव सोसायटी निवासी सराफा कारोबारी शेख सरफराज आली की बिरहाना रोड पर रफ ज्वैलर्स नाम से शॉप है। उनकी दुकान में कारीगर मानस हेत चार वर्षों से काम करता था। वह फीलखाना में किराये पर रह रहा था। उन्होंने मानस को पांच दिसंबर 2024 को 24 कैरेट का 891 ग्राम सोना गहने बनाने के लिए दिया था। उस वक्त सोने की कीमत 70,17,049 लाख थी।
दो सराफा कारोबारियों सोना लेकर भागा था
छह दिसंबर की सुबह मानस हेत को फोन कर गहने के बारे में जानकारी करनी चाही तो उसका मोबाइल बंद मिला। उसके बारे में पता लगा रहे थे तभी अजय ज्वैलर्स के मालिक फीलखाना निवासी गौरव पाल से उन्हें जानकारी मिली कि मानस हेत उनकी दुकान से भी 995 ग्राम सोना ले गया है। जिसकी कीमत 79,10,250 रुपये है। इस तरह कारीगर मानस दो सराफा कारोबारियों का कुल 1,49,927,299 करोड़ का सोना लेकर भाग निकला था।
आईपीएल में सट्टा लगाकर हारा
फीलखाना थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि बीते दो वर्षों से लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। कोर्ट से एनबीडब्ल्यू भी लिया गया था। इसके बाद उसे पश्चिम बंगाल के दूसरे जिले से गिरफ्तार किया गया। मानस ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि 2024 में सोना लेकर भागने के बाद वह सबसे पहले पश्चिम बंगाल पहुंचा। कुछ दिन बाद मामला शांत हुआ तो दोस्तों संग आईपीएल में सट्टा लगाने के लिए पहुंचा लेकिन उसके पास खेलने के लिए रकम नहीं थी। इस पर उसने पूरा सोना आईपीएल में लगा दिया और हार गया।
मारपीट में घायल हुआ, तो पुलिस ने दबोच लिया
थाना प्रभारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में फरारी के दौरान मानस का वहां किसी बात को लेकर जमकर विवाद हो गया। इस पर उन लोगों ने उसे जमकर पीटा। इसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया। उसने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना के बाद वह बिरहाना रोड में कुछ कारीगरों के संपर्क में था। इस दौरान पुलिस ने जाल बिछाया और उसे दबोच लिया।