कानपुर लैंबोर्गिनी कांड: मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार; सरेंडर से पहले पुलिस ने दबोचा, मेडिकल के लिए भेजा
Kanpur News: कानपुर लैंबोर्गिनी कांड में पुलिस ने चार दिन की तलाश के बाद हादसे के मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। रसूख और ड्राइवर को मोहरा बनाने की कोशिशों के बावजूद, पुलिस ने कोर्ट में सरेंडर करने से पहले ही उसे दबोच लिया है।
विस्तार
कानपुर के हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी हादसे के चार दिन बाद पुलिस ने तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे और मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। चर्चा है कि शिवम कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे उसके आवास से हिरासत में ले लिया। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार शिवम को उसके घर से ही उठाया गया है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस आरोपी को गुप्त स्थान पर मेडिकल परीक्षण के लिए ले गई है, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। बुधवार को ड्राइवर मोहन ने कोर्ट में सरेंडर कर खुद को चालक बताया था, लेकिन पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर शिवम पर शिकंजा कसते हुए उसे दबोच लिया।
ये था पूरा मामला
रविवार दोपहर वीआईपी रोड पर दिल्ली नंबर की तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी बेकाबू होकर फुटपाथ पर चढ़ गई थी। हादसे में चमनगंज निवासी तौफीक अहमद के पैर में गंभीर चोट आई। वहीं, बुलेट सवार विशाल और सोनू त्रिपाठी भी जख्मी हुए। कार ने किनारे खड़ी ऑटो और बुलेट को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था।
अब तक का घटनाक्रम
- रविवार: वीआईपी रोड पर भीषण हादसा, आरोपी कार छोड़कर फरार।
- सोमवार/मंगलवार: सीसीटीवी और नंबर के जरिए शिवम मिश्रा का नाम सामने आया।
- बुधवार: ड्राइवर मोहन ने कोर्ट पहुँचकर खुद को आरोपी बताया, पुलिस ने इसे गुमराह करने की कोशिश करार दिया।
- गुरुवार: पुलिस ने घेराबंदी कर शिवम मिश्रा को गिरफ्तार किया।
