Kanpur: 10 करोड़ की चारागाह भूमि पर रिसॉर्ट ढहाया; एसडीएम और तहसीलदार ने हटवाया अवैध कब्जा, मैनेजर हिरासत में
Kanpur News: घाटमपुर प्रशासन ने रामपुर गांव में हाईवे किनारे चारागाह की 56 बिस्वा सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। रिसॉर्ट मालिक द्वारा किए गए निर्माण को बुलडोजर से ढहाकर जमीन ग्राम पंचायत को सौंप दी गई है।
विस्तार
कानपुर में घाटमपुर तहसील क्षेत्र के रामपुर में मंगलवार को चारागाह की जमीन पर रिसॉर्ट मालिक द्वारा किए गए अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाया गया। एसडीएम व तहसीलदार की मौजूदगी में बाउंड्री, गेट आदि को ढहा दिया गया। इस दौरान रिसॉर्ट मैनेजर द्वारा विरोध किए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके साथ खाली कराई गई भूमि ग्राम पंचायत को सौंप दी गई।
रामपुर गांव की कानपुर सागर हाइवे के किनारे 56 विश्वा चारागाह की भूमि है। जिसकी कीमत 10 करोड़ के करीब है। आरोप है कि गाटा संख्या 349 व 350 पर आरोप है कि कोयला नगर निवासी राजवीर सिंह और उनके परिवार के लोगों ने चारागाह की भूमि के करीब 56 बिस्वा हिस्से पर अवैध कब्जा कर लिया था। बाउंड्री, गेट व रास्ता बनाकर इंटरलॉकिंग लगवा कर अवैध कब्जा कर लिया था।
रिसॉर्ट के मैनेजर को पुलिस के हवाले कर दिया
उसका प्रयोग लॉन के रूप में कर रहा था। मामला संज्ञान में आने पर एसडीएम ने उसे कई बार बुलवाया लेकिन वह नहीं आया। मंगलवार को एसडीएम अविचल प्रताप सिंह व तहसीलदार अंकिता पाठक राजस्व कर्मियों व पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने अपने सामने ही दो जेसीबी लगाकर अवैध निर्माण को ढहा दिया। इसके साथ उक्त भूमि ग्राम पंचायत के कब्जे में दे दी। इस दौरान रिसॉर्ट के मैनेजर को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बोर्ड लगाकर चारा की बुआई भी कराई गई
एसडीएम ने बताया कि शनिवार को निकलते समय उन्होंने उक्त अवैध कब्जे को देखा था और पूर्व में भी शिकायत मिल चुकी थी। राजस्व टीम ने सोमवार को कब्जा हटाने को भी कहा था, लेकिन नहीं हत्या गया। इसी के चलते अवैध निर्माण को ढहाकर चारागाह की पूरी भूमि खाली करा दी गई है। साथ ही, बोर्ड लगाकर चारा की बुआई भी कराई गई।