खाकी की साख बची: हैलट से फरार लुटेरे का 'फ्रीडम' खत्म, मुन्ना खान को क्राइम ब्रांच ने दबोचा, ऐसे हुआ गिरफ्तार
Kanpur News: हैलट अस्पताल से फरार हुए शातिर लुटेरे मुन्ना खान को कानपुर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मुठभेड़ में घायल होने के बाद अस्पताल से भाग निकला था।
विस्तार
कानपुर के बर्रा में हुई मुठभेड़ के बाद हैलट अस्पताल से पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए शातिर लुटेरे मुन्ना खान को क्राइम ब्रांच की टीम ने फिर से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले अस्पताल से उसके भागने की खबर ने पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
16 अप्रैल को बर्रा बाईपास पर हुई लूट के बाद शुक्रवार तड़के पुलिस ने मुन्ना खान को मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया था। उसे इलाज और मेडिकल के लिए हैलट अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में सुरक्षा के लिए चार दरोगा और एक सिपाही तैनात थे।
पुलिस विभाग में मच गया था हड़कंप
इसके बावजूद शातिर मुन्ना खान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घायल बदमाश के फरार होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और शहर भर में नाकेबंदी कर दी गई थी। आरोपी की तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच और पुलिस की कई टीमों ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
दोषियों पर गिरेगी गाज
मुखबिरों और तकनीकी सर्विलांस की मदद से क्राइम ब्रांच ने फरार मुन्ना खान की घेराबंदी की और उसे दोबारा सलाखों के पीछे भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी तो पकड़ लिया गया है, लेकिन अस्पताल में तैनाती के दौरान लापरवाही बरतने वाले चारों दरोगा और सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच और सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
